Tuesday , February 10 2026 12:50 AM
Home / Sports / तमीम के रिकार्ड शतक से बांग्लादेश ने जिम्बाब्वे पर दर्ज की रोमांचक जीत, सीरीज में बनाई अजय बढ़त

तमीम के रिकार्ड शतक से बांग्लादेश ने जिम्बाब्वे पर दर्ज की रोमांचक जीत, सीरीज में बनाई अजय बढ़त


सिलहट: बांग्लादेश के सलामी बल्लेबाज तमीम इकबाल ने अपने वनडे करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी खेलते हुए 158 रन बना डाले। तमीम के इस शतक की मदद से बांग्लादेश की टीम 322 रन का विशाल स्कोर खड़ा करने में सफल रही। जिम्बाब्वे की टीम ने भी कड़ा मुकाबला दिखाया लेकिन आखिरी ओवर में जाकर 4 रन से हार झलनी पड़ी।
तमीम ने इस मैच में 132 गेंदों पर 158 रन बनाए जिसमें 20 चौके और 3 छक्के शामिल थे। इससे पहले उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ ही 2009 में 154 रन बनाकर रिकार्ड बनाया था। तमीम 84 रन बनाते ही अपने वनडे करियर में 7000 रन पूरे करने वाले पहले बांग्लादेशी बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने 106 गेंदों पर अपना 12वां वनडे शतक पूरा किया जो उनका जुलाई 2018 के बाद पहला सैकड़ा है।
जिम्बाब्वे को आखिरी ओवर में 20 रन चाहिए थे। टिरिपानो (28 गेंदों पर नाबाद 55) ने अल अमीन हुसैन पर 2 छक्के जड़कर मैच रोमांचक स्थिति में पहुंचा दिया। जिम्बाब्वे को अंतिम 2 गेंदों पर 6 रन चाहिए थे लेकिन टिरिपानो एक रन ही बना पाए और जिम्बाब्वे की टीम 8 विकेट पर 318 रन तक ही पहुंच पाई। बांग्लादेश ने इस तरह से तीन मैचों की श्रृंखला में 2-0 से अजेय बढ़त हासिल कर ली है।