
कहते हैं कि भगवान जिसे पैसा देता है, उसे छप्पर फाड़ कर देता है। अफ्रीकी देश तंजानिया में छोटे पैमाने पर खनन का काम करने वाले सानीनीयु लाइजर (Saniniu Laizer) के साथ भी कुछ ऐसा ही हो रहा है। सानीनीयु को तीसरी बार दुनिया का अनमोल खजाना हाथ लगा है। इस दुर्लभ रत्न टांजनाइट (tanzanite) का वजन करीब 14 पाउंड है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कुल कीमत करीब दो मिलियन डॉलर (15 करोड़ रुपये) है।
इससे पहले इसी साल जून महीने में सानीनीयु को 20.43 (9 किग्रा) और 11.26 पाउंड (5 किग्रा) के ट्रांजनाइट मिल चुके हैं। इन रत्नों के मिलने के साथ ही सानीनीयु करोड़पति बन गए हैं। इन्हें तंजानिया की सरकार ने 34 लाख डॉलर में खरीद लिया है। अब तीसरी बार सानीनीयु के भाग्य ने उनका साथ दिया है और करीब 15 करोड़ रुपये का नया टांजनाइट मिला है।
टांजनाइट गहरे नीले, बैंगनी कभी-कभी हरे रंग के होते हैं। यह रत्न हीरे की तुलना में 10 गुना ज्यादा दुर्लभ होते हैं। इन खनिजों का इस्तेमाल आभूषण बनाने में किया जाता है। सानीनीयु इस दुर्लभ रत्न को चाहते तो पैसे के लिए तस्करी करके बेच सकते थे लेकिन उन्होंने इसे सरकार को बेचने का फैसला किया है ताकि उनके देश को इससे मदद मिले।
टांजनाइट उत्तरी तंजानिया में पाए जाते हैं। तंजानिया के खनिज मंत्री डोटो बाइटको ने भी कहा है कि सरकार इन रत्नों का संरक्षण करेगी। इन रत्नों के मिलने के बाद अब लाइजर एक नए अरबपति (स्थानीय मुद्रा के हिसाब से) बन गए है। लाइजर ने एक टेलीविजन साक्षात्कार में पिछले दिनों कहा था कि वह अपने समुदाय के लोगों के लिए शॉपिंग मॉल और एक स्कूल खोलने की योजना बना रहे हैं।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website