
भारत और न्यूजीलैंड के बीच 3 वनडे की सीरीज का दूसरा मुकाबला ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेला जा रहा है। मैच में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। न्यूजीलैंड के रॉस टेलर क्रीज पर हैं। जिमी नीशम को 3 रन पर रविंद्र जडेजा ने रनआउट किया। कप्तान टॉम लाथम 7 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उन्हें जडेजा ने एलबीडब्ल्यू किया। मार्टिन गुप्टिल करियर का 36वां अर्धशतक लगाकर रनआउट हो गए। उन्होंने 79 गेंद पर 79 रन की पारी खेली। ठाकुर ने टॉम ब्लेंडल को 22 रन पर आउट किया। उनका कैच नवदीप सैनी ने लिया।
इससे पहले ओपनर हेनरी निकोल्स 41 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें युजवेंद्र चहल ने एलबीडब्ल्यू किया। निकोल्स ने गुप्टिल के साथ 93 रन की ओपनिंग साझेदारी की। भारत के खिलाफ ऑकलैंड में न्यूजीलैंड की यह किसी भी विकेट के लिए तीसरी सबसे बड़ी साझेदारी है। मेजबान टीम सीरीज में 1-0 से आगे है।
दोनों टीम में 2-2 बदलाव
भारतीय कप्तान विराट कोहली ने मोहम्मद शमी और कुलदीप यादव को आराम देकर नवदीप सैनी और युजवेंद्र चहल को मौका दिया गया। कोहली ने कहा कि कीवी टीम के खिलाफ इसी महीने दो खेलने हैं, जिसे ध्यान में रखते हुए शमी और कुलदीप को आराम दिया गया। वहीं, न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लाथम ने भी दो बदलाव करते हुए मिशेल सेंटनर और ईश सोढ़ी को आराम दिया। उनकी जगह मार्क चैपमैन और काइल जैमिसन को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया। जैमिसन का यह डेब्यू मैच है।
गुप्टिल घर में 4 हजार रन बनाने वाले पहले कीवी खिलाड़ी
गुप्टिल अपने देश में वनडे में 4000 रन पूरा करने वाले न्यूजीलैंड के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने यह उपलब्धि 92 पारियों में हासिल की। उनके बाद दूसरे नंबर पर रॉस टेलर हैं, जिनके 96 पारियों में 3986 रन हैं। यह दोनों खिलाड़ी इस मैच में खेल रहे हैं।
खिलाड़ी पारी रन
मार्टिन गुप्टिल 92 4001*
रॉस टेलर 96 3986*
नाथन एस्टल 84 3448
ब्रैंडन मैकुलम 106 3188
भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ 3 सीरीज से अजेय
यदि भारत यह मैच गंवाता है, तो वह न्यूजीलैंड के खिलाफ 6 साल बाद वनडे सीरीज हारेगा। फिलहाल टीम इंडिया सीरीज में 0-1 से पीछे है। पिछली बार जनवरी 2014 में न्यूजीलैंड ने अपने घर में भारत को 4-0 से हराया था। टीम इंडिया ने पिछली तीन वनडे सीरीज में न्यूजीलैंड को हराया है। सीरीज का पहला मैच न्यूजीलैंड ने 4 विकेट से जीता था। न्यूजीलैंड यह मैच जीतती है तो यह उसकी इंटरनेशनल वनडे की 350वीं जीत होगी। अब तक 7 टीमें 350+ मैच जीत चुकी हैं।
दोनों टीमें:
भारत: पृथ्वी शॉ, मयंक अग्रवाल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, लोकेश राहुल, केदार जाधव, रविंद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर, नवदीप सैनी, युजवेंद्र चहल और जसप्रीत बुमराह।
न्यूजीलैंड: टॉम लाथम (कप्तान), हामिश बेनेट, टॉम ब्लेंडल, कॉलिन डी ग्रैंडहोम, मार्टिन गुप्टिल, रॉस टेलर, जिमी नीशम, टिम साउदी, मार्क चैपमैन और काइल जैमिसन।
हेड-टू-हेड
भारत-न्यूजीलैंड के बीच अब तक 108 वनडे खेले गए। टीम इंडिया ने 55 में जीत दर्ज की, 47 में हार मिली। एक मुकाबला टाई रहा, जबकि 5 बेनतीजा रहे। न्यूजीलैंड की जमीन पर भारत ने 40 में से 14 ही मुकाबले जीते। 23 में हार मिली। एक मुकाबला टाई रहा, जबकि 2 का नतीजा नहीं निकल सका। टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 14 में से 8 सीरीज अपने नाम की, जबकि 4 बार हार मिली। 2 सीरीज ड्रॉ रहीं।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website