Friday , February 20 2026 3:56 AM
Home / News / दिल्ली और मुंबई एयरपोर्ट पर तकनीकी खराबी से मचा हड़कंप, कई उड़ानें प्रभावित

दिल्ली और मुंबई एयरपोर्ट पर तकनीकी खराबी से मचा हड़कंप, कई उड़ानें प्रभावित


दिल्ली और मुंबई समेत देशभर के कई हवाई अड्डों पर तकनीकी खराबी का मामला सामने आया है। एयरलाइंस द्वारा बुकिंग और चेक-इन के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले नेविटेयर सिस्टम के सर्वर में खराबी के कारण सैकड़ों यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा है। हालांकि कुछ देर बाद तकनीकी टीम द्वारा इस समस्या को ठीक कर लिया।
गुरुवार को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे , मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सैकड़ों यात्रियों को उस वक्त परेशानी का सामना करना पड़ा, जब एयरलाइंस द्वारा बुकिंग और चेक-इन के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले नेविटेयर सिस्टम के सर्वर में खराबी आ गई। इस खराबी के कारण एयरपोर्ट पर यात्रियों में हड़कंप मच गया।
दिल्ली एयरपोर्ट पर तकनीकी खराबी – रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली एयरपोर्ट पर यह खराबी सुबह करीब 6 बजकर 45 मिनट पर सामने आई और टेक्निकल टीम द्वारा इसे करीब 7.30 तक ठीक कर लिया गया। इस दिक्कत के दौरान एयरलाइंस को यात्रियों की जानकारी मैन्युअल रूप से अपडेट करनी पड़ी, जिससे सुबह-सुबह भीड़ के दौरान लंबी लाइनें लग गईं और कई उड़ाने भी प्रभावित हुई हैं।
मुंबई एयरपोर्ट पर भी सामने आई दिक्कत – ऐसी ही स्थिति मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी देखने को मिली, जहां नेविटेयर सिस्टम में खराबी के कारण कई यात्रियों ने चेक-इन काउंटरों पर देरी और भीड़भाड़ की शिकायत की।
क्या काम करता है नेविटेयर सिस्टम? – नेविटेयर सिस्टम एयरलाइन टिकट, चेक-इन और बोर्डिंग के लिए महत्वपूर्ण तकनीकी सुविधा प्रदान करती है। यदि इस सिस्टम में खराबी आती है, तो एयरलाइनें यात्रियों को सफलतापूर्वक सेवा प्रदान करने में असमर्थ हो जाती हैं, जिससे अक्सर देरी और भीड़भाड़ हो जाती है।
पिछले साल नवंबर की शुरुआत में कई एयरपोर्ट पर टेक्नीकल ग्लिच का मामला सामने आया था। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआईए) पर को एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) प्रणाली में तकनीकी खराबी के कारण उड़ान संचालन में बड़ी रुकावट आई थी, जिसके बाद भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) ने कहा कि उसने स्वचालित संदेश स्विचिंग प्रणाली (एएमएसएस) में तकनीकी समस्या को सफलतापूर्वक हल कर लिया है।