Tuesday , February 10 2026 12:49 AM
Home / Sports / कोरोना पीड़ितों की मदद के लिए सामने आए टेनिस स्टार फेडरर, दान किए 10 लाख डॉलर

कोरोना पीड़ितों की मदद के लिए सामने आए टेनिस स्टार फेडरर, दान किए 10 लाख डॉलर


दिग्गज टेनिस खिलाड़ी रोजर फेडरर ने कोरोना वायरस संकट से जूझ रहे अपने देश स्विट्जरलैंड के लोगों की मदद के लिये बुधवार को दस लाख डालर से अधिक की धनराशि दान की। बीस बार के ग्रैंडस्लैम चैंपियन और उनकी पत्नी ने इस संकट से निबटने के लिये दस लाख स्विस फ्रैंक (लगभग दस लाख 20 हजार डालर) की धनराशि दी है।

विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूटीओ) के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार विश्व में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या के लिहाज से स्विट्जरलैंड नौवें नंबर पर है। स्विस स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार उनके देश में 8800 लोग कोविड-19 से संक्रमित हैं जबकि सोमवार तक 86 लोगों की मौत हो चुकी थी। विश्व में नंबर चार 38 वर्षीय फेडरर ने इंस्टाग्राम पर लिखा, ‘‘यह सभी के लिये चुनौतीपूर्ण समय है और किसी को भी पीछे नहीं रहना चाहिए।

मिर्का और मैंने ने निजी तौर पर स्विट्जरलैंड के सबसे कमजोर परिवारों के लिये दस लाख स्विस फ्रैंक दान करने का फैसला किया है। ” उन्होंने कहा, ‘‘हमारा योगदान महज एक शुरुआत है। हम उम्मीद करते हैं कि अन्य लोग भी जरूरतमंद परिवारों की मदद करेंगे। हम मिलकर इस संकट से पार पा सकते हैं। स्वस्थ रहें। ”