Friday , February 20 2026 5:55 AM
Home / News / पाकिस्तान से बातचीत के रास्ते बंद नहीं, तालिबान ने दिया सुलह का संकेत, TTP पर बनेगी बात!

पाकिस्तान से बातचीत के रास्ते बंद नहीं, तालिबान ने दिया सुलह का संकेत, TTP पर बनेगी बात!


अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच लंबे समय से तनातनी चल रही है। खासतौर से अक्टूबर में पाकिस्तान के अफगानिस्तान में किए गए हवाई हमलों के बाद से चीजें बेहद खराब हो गई है।
अफगानिस्तान की सत्ता पर काबिज तालिबान की ओर से पाकिस्तान को रिश्ते पटरी पर लाने का ऑफर दिया गया है। पाकिस्तान को सुलह का संकेत देते हुए अफगान तालिबान सरकार के गृह मंत्री सिराजुद्दीन हक्कानी ने शुक्रवार को कहा कि अफगानिस्तान की जमीन का इस्तेमाल किसी दूसरे देश के खिलाफ नहीं हो रहा है। अगर किसी को ऐसा लगता है या कोई गलतफहमी है तो हम उस शक को दूर करने के लिए तैयार है।
डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, काबुल में हक्कानी ने पाकिस्तान का नाम लिए बिना बातचीत के दरवाजे खुले होने का ऐलान किया है। इससे दोनों देशों के रिश्ते बेहतर होने की उम्मीद लगा रहे हैं। दोनों देशों में हालिया महीनों में कई दफा बॉर्डर पर गोलीबारी हुई है। अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच बीते दो महीने से व्यापार भी काफी हद तक बंद है।
टीटीपी पर समझाने की कोशिश – तालिबान ने कहा कि उनकी सरकार दोहा समझौते का पालन कर रही है। अफगानिस्तान की जमीन का इस्तेमाल किसी दूसरे देश के खिलाफ नहीं होने दे रही है। यह टीटीपी के मुद्दे पर पाकिस्तान को समझाने की कोशिश है। पाकिस्तान का कहना है कि तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) अफगानिस्तान की जमीन का इस्तेमाल करते हुए उसके लोगों को मार रहा है।
हक्कानी ने कहा, ‘अफगानिस्तान किसी भी देश या क्षेत्र के लिए कोई खतरा नहीं है। तालिबान नेतृत्व अंतरराष्ट्रीय समुदाय के अविश्वास और गलतफहमी को खत्म करने के लिए उचित और स्थायी समाधान खोजने के लिए लगातार कोशिश कर रहा है। मौजूदा मुद्दों को सुलझाने के लिए बातचीत के दरवाजे बंद नहीं हैं। हम शांति की तरफ चीजों को ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’