Wednesday , March 4 2026 12:45 AM
Home / Sports / क्रिकेट फैन्स में जर्सी नंबर 18-45 की है सबसे ज्यादा डिमांड

क्रिकेट फैन्स में जर्सी नंबर 18-45 की है सबसे ज्यादा डिमांड

 

लेख : विवेक शर्मा

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने जा रहे तीसरे टी-20 अंतर्राष्ट्रीय मैच की मेजबानी इंदौर का होलकर स्टेडियम करने जा रहा है। इस मैच के लिए इंदौर के क्रिकेट प्रेमी दर्शक भी काफी उत्साह में हैं और अपने चहेते खिलाड़ियों को देखने के लिए आतुर भी हैं। इसी वजह से मैच शुरू होने के एक दिन पहले ही स्टेडियम के बाहर इन खिलाड़ियों की नामों और जर्सी नंबर वाली टी-शर्ट बिकना शुरू हो गई है। जो लोग स्टेडियम के ईर्द-गिर्द घूमने आते हैं उनकी नजर सहसा ही इन टी-शर्ट बेचने वालों पर पड़ जाती है और कई लोग खुद के लिए तो कई लोग अपने बच्चों के लिए ये टी-शर्ट खरीदते हुए देखे जा रहे हैं।

भारतीय क्रिकेट खिलाड़ियों की तरह ही नीले रंग की इन जर्सियों के पीछे खिलाड़ियों के नाम और उनके जर्सी नंबर भी छपे हुए हैं। लिहाजा हर क्रिकेट फैन अपने पसंदीदा खिलाड़ी के मुताबिक उस नाम और जर्सी नंबर पर वाली टी-शर्ट खरीदने को लालायित रहता है। इन टी-शर्ट की कीमत भी तकरीबन डेढ़ सौ रुपए से 200 रुपए तक है लिहाजा मैच देखने आए दर्शकों के लिए ये एक यादगार के रुप में संभाल कर रखी जा सकती है। साथ ही गली-मोहल्लों और मैदानों में खेलने के दौरान इन टी-शर्ट को पहनने से इन क्रिकेट फैन्स को उन्हीं खिलाड़ियों की तरह की अनुभूति होती है ।

सबसे ज्यादा पसंद भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा के नाम और जर्सी नंबर 45 की टी-शर्ट को किया जा रहा है। दर्शक इंदौर के होलकर स्टेडियम में धुआंधार पारी खेल चुके रोहित के बल्ले का हुनर इस टी-शर्ट को पहनकर देखना चाहते हैं। साथ ही विराट कोहली के प्रशंसक जर्सी नंबर 18 वाली टी-शर्ट खरीद रहे हैं। वहीं भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज केएल राहुल का जर्सी नंबर 1 है और उनकी टी-शर्ट भी काफी देखी जा रही है। जबकि हरफनमौला खिलाड़ी और मैच जिताऊ बल्लेबाज हार्दिक पंड्या की जर्सी नंबर 33 भी लोगों को लुभा रही है।

माना जाता है कि हरेक खिलाड़ी अपने पसंदीदा नंबर वाली जर्सी ही पहनना पसंद करता है और ये नंबर उनके लिए मददगार साबित होते हैं। जैसे महान क्रिकेट खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर या फुटबॉल के जादूगर डिएगो मैराडोना या फिर ब्राजील के पेले ने हमेशा जर्सी नंबर 10 को ही चुना और ये नंबर उनकी वजह से पूरी दुनिया में फेमस भी हो गया। गहरी नीली रंग की इन जर्सियों की वजह से ही टीम इंडिया को मैन इन ब्लू भी कहा जाता है। ऑस्ट्रेलिया में 16 अक्टूबर से शुरू होने जा रहे आईसीसी टी-20 क्रिकेट विश्व कप से ठीक पहले भारतीय क्रिकेट टीम इंदौर में मैदान पर उतरेगी। माना जा रहा है कि इस लिहाज से वे विश्व कप की तैयारियों के मुताबिक ही अपने प्रदर्शन करने को बेताब होंगे।