Monday , February 16 2026 12:38 AM
Home / Uncategorized / यात्री की पिटाई करने वाला पायलट गिरफ्तार, एयरलाइंस ने पहले ही कर दिया था ऑफ ड्यूटी

यात्री की पिटाई करने वाला पायलट गिरफ्तार, एयरलाइंस ने पहले ही कर दिया था ऑफ ड्यूटी


दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर एक पैसेंजर से मारपीट का मामला सामने आया था। हैरानी वाली बात यह है कि मारपीट को अंजाम देने का आरोप एक प्लेन के पायलट पर लगा है। ऐसे में अब पायलट को गिरफ्तार कर लिया गया है।
इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (IGI) एयरपोर्ट पर एक हवाई यात्री को उसी की 7 साल की बेटी के सामने कथित रूप से पीटने के आरोपी पायलट कैप्टन वीरेंद्र सेजवाल को एयरपोर्ट पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। हालांकि जमानती धारा होने के कारण कार्रवाई पूरा होने के बाद पायलट को थाने से ही जमानत दे दी गई।
जानकारी के मुताबिक मारपीट करने वाले आरोपी पायलट के खिलाफ एयरपोर्ट थाना में BNS की धारा 115, 126 और 351 के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले की शिकायत पीड़ित हवाई यात्री अंकित दीवान ने दर्ज कराई थी। ये शिकायत लिखित रूप में पुलिस से की गई थी, जिसमें बताया था कि एयर इंडिया एक्सप्रेस के ऑफ ड्यूटी पायलट ने उनके साथ पिटाई की थी। इस मारपीट में उनकी नाक की हड्डी टूट गई थी।
एरयलाइन ने व्यक्त किया था खेद – बता दें कि पीड़ित यात्री ने मारपीट के बाद उससे संबंधित तस्वीर शिकायत के साथ सोशल मीडिया पर पोस्ट करके दिल्ली एयरपोर्ट लिमिटेड और दिल्ली एयरपोर्ट पुलिस को दी थी। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने इस मामले के संज्ञान में आने के बाद पायलट को ऑफ ड्यूटी कर दिया था। साथ ही मामले की जांच में संबंधित डिपार्टमेंट को सहयोग देने की बात कही थी। साथ साथ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बयान जारी करके एयरलाइन ने इस घटना के लिए खेद भी व्यक्त किया था।
CCTV फुटेज से हुई मारपीट की पुष्टि – नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने भी इस मामले में जांच के आदेश दे दिए थे। एयरपोर्ट पुलिस के अनुसार जिस जगह पर यह घटना हुई थी, वहां के CCTV कैमरों के फुटेज चेक किए गए और उस समय वहां पर मौजूद CISF के स्टाफ से भी पूछताछ की गई थी। फुटेज में मारपीट की पुष्टि हुई थी। आगे की जांच अभी की जा रही है।