
फिलीपींस में शादी के लिए बुक केटरर ने ऐसी गलती की कि उसे जेल की हवा खानी पड़ गई। वजह थी कि केटरर ने शादी में मेहमानों के लिए खाने का इंतजाम नहीं किया था। उसने जल्दबाजी में केक भी नकली भेजा। आधे केक में ब्रेड की जगह थर्माकोल और उसके ऊपर क्रीम लगाई गई थी।
नवविवाहित दम्पति ने केक काटा तो उन्हें इस धोखाधड़ी का पता चला। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 40 साल के झोन चेन और 26 साल की शाइन तोमायो ने 1.40 लाख पीसो (करीब 2 लाख रुपए) खर्च कर रिसेप्शन किया था।
चर्च में शादी के बाद होटल पहुंचते ही उन्हें मेहमानों के लिए खाने का कोई इंतजाम नहीं दिखा। ऐसे में शर्मिंदगी के बीच दोनों ने पास के रेस्त्रां से मेहमानों के लिए खाना मंगवाया। खाने के बाद जोड़े ने केक काटा।
केक के थर्माकोल से बने होने की बात पता चली तो उन्हें मेहमानों के सामने फिर एक बार शर्मिंदा होना पड़ा। केक का सिर्फ ऊपरी हिस्सा ब्रेड का था। नीचे की दो लेयर थर्माकोल से बनाई गई थीं और उसे उसे क्रीम से ढक दिया था।
मेहमानों के सामने हुई इस बदनामी पर दुल्हन फूट-फूटकर रोई। इसके बाद मेहमान दूल्हा-दुल्हन के साथ पुलिस स्टेशन पहुंचे और केटरर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने केटरर को गिरफ्तार कर लिया है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website