
आपने मंदिरों में अक्सर इंसानों को चक्कर लगाते हुए देखा होगा, लेकिन क्या आपने कभी किसी जानवर को मंदिर का चक्कर लगाते हुए देखा है? बेंगलुरु के समीप पुत्तेनाहली में स्थित महालक्ष्मी मंदिर में एक कुत्ता रोजाना सुबह 4 बजे से 10 बजे तक यानि पूरे 6 घंटे तक चक्कर लगाता है और फिर बाद में वह अपने घर चला जाता है।
लोगों की मानें तो पिछले दो महीने से ये कुत्ता ऐसा कर रहा है। चक्कर लगाने के दौरान ये ज्यादातर शांत रहता है, लेकिन कभी-कभार भौंकता भी है। ज्यादातर ये 10 बजे चला जाता है, लेकिन कभी-कभी शाम तक चक्कर लगाता रहता है। इसे देखने के लिए अब काफी संख्या में लोग भी आने लगे हैं, जिससे यहां ट्रैफिक जाम भी लग जाता है।
शुरुआत में लोगों ने जब इसे मंदिर के चक्कर लगाते हुए देखा तो इसे भगाने की कोशिश की। पत्थर तक मारे, लेकिन इस कुत्ते ने चक्कर लगाना बंद नहीं किया। यह रोजाना सुबह मंदिर पहुंच जाता और चक्कर लगाने लगता। इतना ही नहीं, अगर कोई इसके रास्ते में आ जाता है तब भी वह किनारे से निकलकर अपना चक्कर पूरा करता है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website