
कैंडी। दक्षिण अफ्रीका ने वनडे क्रिकेट में बेहतरीन फॉर्म का सिलसिला जारी रखते हुए श्रीलंका के खिलाफ पांच मैच की सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली है। उसने रविवार को यहां खेले गए तीसरे वनडे में 78 रन से एकतरफा जीत हासिल की।
दक्षिण अफ्रीका ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में सात विकेट पर 363 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। तीसरे नंबर पर उतरे रेजा हेंड्रिक्स ने शतक लगाया। उन्होंने 89 गेंदों पर आठ चौकों व एक छक्के की मदद से 102 रन जुटाए। बाएं हाथ के बल्लेबाज जीन पॉल डुमिनी नर्वस नाइंटीज के शिकार हो गए।
डुमिनी ने 70 गेंदों पर आठ चौके और चार छक्के जड़े। हाशिम अमला (59) और डेविड मिलर (51) ने अर्धशतक उड़ाए। एंडिले फेलुक्वायो ने नाबाद 24 रन की पारी खेली। कप्तान फाफ डु प्लेसिस 10 और विकेटकीपर क्विंटन डी कॉक दो रन पर आउट हुए। थिसारा परेरा ने चार, लाहिरू कुमारा ने दो और अकिला धनंजय ने एक विकेट लिया।
जवाब में मेजबान श्रीलंकाई टीम 45.2 ओवर में 285 रन पर सिमट गई। धनंजय डिसिल्वा ने 66 गेंदों पर आठ चौकों व तीन छक्कों की मदद से सर्वाधिक 84 रन ठोके। धनंजय ने 37, कप्तान एंजेलो मैथ्यूज ने 32, कुशल मेंडिस ने 31, कुशल परेरा ने 27, उपुल थरंगा ने 19 रन का योगदान दिया। लुंगी एनजिडी ने चार, फेहुलक्वायो ने तीन, तबरेज शम्सी ने दो और मुल्डर ने एक विकेट लिया। उल्लेखनीय है कि दक्षिण अफ्रीका ने टेस्ट सीरीज 0-2 से गंवा दी थी।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website