Tuesday , March 3 2026 11:24 PM
Home / Sports / टेस्ट मैच जीतने के लिए… साउथ अफ्रीका से मिली हार से निराश रोहित शर्मा, किसे बताया जिम्मेदार?

टेस्ट मैच जीतने के लिए… साउथ अफ्रीका से मिली हार से निराश रोहित शर्मा, किसे बताया जिम्मेदार?


सेंचुरियन: भारतीय टीम को साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट में हार मिली है। सेंचुरियन के मैदान पर बॉक्सिंग डे टेस्ट में साउथ अफ्रीका ने भारत को एक पारी और 32 रन से हराया। रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम पहली बार विदेश में टेस्ट खेल रही थी। इसमें बल्लेबाज और गेंदबाज दोनों फेल रहे और यही टीम की हार का कारण रहा। 2 मैचों की इस टेस्ट सीरीज में मेजबान टीम 1-0 से आगे हो गई है।
हार के बाद रोहित ने क्या कहा? – भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने हार के बाद खराब बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों को हार का जिम्मेदार बताया। इसके साथ ही रोहित ने केएल राहुल की तारीफ भी की। भारतीय कप्तान ने तीन दिन में ही टेस्ट खत्म होने के बाद कहा:
हमने जीतने लायक प्रदर्शन नहीं किया। केएल ने हमें अच्छा स्कोर दिया, लेकिन हम गेंदबाजी में परिस्थिति का फायदा नहीं उठा पाए और फिर दूसरी पारी में बल्लेबाजी में भी फ्लॉप रहे।
टेस्ट मैच जीतने के लिए पूरे टीम को मिलकर खेलना जरूरी है, जो नजर नहीं आया। पहले भी खिलाड़ी यहां खेल चुके हैं, हमें पता है क्या करना है। हर किसी का अपना प्लान था, लेकिन वो काम नहीं आया।
हमारे बल्लेबाजों को चुनौती मिली और हम अच्छी तरह से सामना नहीं कर सके। यह बाउंड्री स्कोरिंग मैदान है, हमने कई स्कोर बनाते देखा है लेकिन हमें विपक्षी टीम और उनकी ताकत को भी समझने की जरूरत है। हमने दोनों पारियों में अच्छी बल्लेबाजी नहीं की, इसलिए हम यहां खड़े हैं।
3 दिनों के भीतर खेल खत्म होने के कारण बहुत अधिक सकारात्मकता नहीं है, लेकिन केएल ने दिखाया कि हमें इस तरह की पिच पर क्या करने की जरूरत है। हमारे ज्यादातर गेंदबाज पहले यहां नहीं खेले हैं इसलिए मैं ज्यादा आलोचनात्मक नहीं होना चाहता।
सीरीज ड्रॉ करवाने की चुनौती – भारतीय टीम अभी तक साउथ अफ्रीका में एक भी टेस्ट सीरीज नहीं जीत पाई है। सिर्फ 2010-11 में टीम यहां टेस्ट सीरीज ड्रॉ करवाने में सफल रही थी। इस बार भी टीम दूसरे मुकाबले को जीतकर सीरीज बराबरी पर खत्म करने की कोशिश करेगी। 3 जनवरी से सीरीज का दूसरा मैच केपटाउन में होगा।