
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनावी जीत के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर डोनाल्ड ट्रंप को बधाई दी और आशा जताई कि दोनों देश मजबूत आधार वाले भारत अमेरिका संबंधों को और आगे बढाएंगे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने ट्विटर पर कहा प्रधानमंत्री ने उन्हें अपनी शुभकामनाएं दीं और दोनों नेता भारत-अमेरिका संबंधों को नई उंचाइयों तक ले जाने के लिए साथ मिलकर करीबी सहयोग से काम करने को आशान्वित हैं।
विकास स्वरूप ने दी ट्वीट करके जानकारी
उन्होंने कहा कि मजबूत आधार वाले भारत अमेरिका संबंधों को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा। प्रधानमंत्री ने अभी डोनाल्ड ट्रंप से बात करके उनके निर्वाचन पर उन्हें बधाई दी। इससे पहले, मोदी ने अमेरिका का राष्ट्रपति बनने पर ट्रंप को ट्विटर के जरिए बधाई दी थी और कहा था कि वह भारत अमेरिका संबंधों को नई उंचाइयों तक ले जाने के लिए करीबी रूप से काम करने को आशान्वित हैं।
फोन से पहले दी थी ट्विटर पर बधाई
मोदी ने एक ट्वीट में कहा कि डोनाल्ड ट्रंप को अमेरिका के 45वें राष्ट्रपति चुने जाने पर बधाई। उन्होंने कहा कि देश ट्रंप के साथ करीबी सहयोग से काम करते हुए द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत बनाने को आशान्वित है। प्रधानमंत्री ने कहा कि हम भारत-अमेरिका संबंधों को नई उंचाइयों तक ले जाने के लिए आपके साथ मिलकर करीबी सहयोग से काम करने को आशान्वित हैं।
उन्होंने कहा कि हम आपके चुनाव प्रचार के दौरान आपकी (ट्रंप की) आेर से प्रदर्शित मित्रता की सराहना करते हैं। उल्लेखनीय है कि ट्रंप ने कांटे के मुकाबले में हिलेरी क्लिंटन को बुधवार को पराजित किया और अमेरिका के 45वें राष्ट्रपति चुने गए।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website