
साल 2017 में ट्रंप ऑर्गनाइजेशन छोड़कर पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति पिता डोनाल्ड ट्रंप के कार्यकाल में व्हाइट हाउस में सलाहकार बनी इवांका ट्रंप ने बुधवार को परिवार के बिजनेस एंपायर के खिलाफ चल रहे नागरिक धोखाधड़ी के मुकदमे में गवाही दी। इवांका इस मामले में आरोपी नहीं है, लेकिन उन्हें कोर्ट ने गवाही देने के लिए सम्मन किया था। जब इवांका ट्रंप को कोर्ट में बुलाया जा रहा था, तब जज आर्थर एंगरॉन ने चुटकी लेते हुए कहा कि वह कौन है?
बता दें कि डोनाल्ड ट्रंप, उनके बड़े बेटे डॉन जूनियर, एरिक और ट्रंप ऑर्गनाइजेशन के अन्य अधिकारियों पर आरोप है कि उन्होंने बैंक लोन और बीमा को प्राप्त करने के लिए अपनी रियल एस्टेट संपत्तियों के मूल्य को अरबों डॉलर बढ़ा-चढ़ाकर बताया था। इसको लेकर मामला दर्ज करने वाले न्यूयॉर्क राज्य की अटॉर्नी जनरल लेटिटिया जेम्स ने इवांका ट्रंप की गवाही से पहले कहा था कि उन्होंने वित्तीय धोखाधड़ी से संबंधित बयानों के आधार पर लोन को सिक्योर करने के लिए बातचीत की थी।
लेटिटिया जेम्स ने कहा कि इवांका खुद को कंपनी से अलग करने का प्रयास करेंगी, लेकिन सबूत ये बताएंगे कि वह वास्तव में शामिल थी। इस धोखाधड़ी के मामले में इवांका को पर्सनली फायदा पहुंचा है। बता दें कि इवांका की गवाही पिता डोनाल्ड ट्रंप के व्हाइट हाउस छोड़ने के बाद हुई थी। उनसे पहले डोनाल्ड ट्रंप और उनके दो भाई डॉन जूनियर और एरिक गवाही दे चुके थे।
2024 के रिपब्लिकन राष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप ने बीते सोमवार को स्टैंड लिया और बार-बार जज के साथ भिड़ गए। उन्होंने मुकद्दमे को अपमान और चुनाव में हस्तक्षेप करने वाला बताया हालांकि, इस मामले में ट्रंप और उनके दोनों बेटों के जेल जाने का आशंका कम है, लेकिन उन्हें 250 मिलियन डॉलर तक के जुर्माने और परिवार को कंपनी के मैनेजमेंट से हटाए जाने की संभावना का सामना करना पड़ सकता है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website