मास्को: तुर्की में रूस के राजदूत आंद्रेई कार्लोव की राजधानी अंकारा में हुए एक बंदूक हमले में गोली लगने के बाद आज मौत हो गई। रूसी विदेश मंत्रालय ने इसे ‘‘आतंकवादी कृत्य’’ बताया है। विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जखारोवा ने कहा, ‘‘अंकारा में आज एक हमले में रूसी राजदूत आंद्रेई कार्लोव घायल हो गए जिससे उनकी मौत हो गई।’’ उन्होंने यह भी कहा कि जो कुछ भी हुआ, वह एक आतंकवादी कृत्य है।
उन्होंने कहा, ‘‘हत्यारों को दण्डित किया जाएगा।’’ प्रवक्ता ने कहा, ‘‘आज इस मुद्दे को संरा सुरक्षा परिषद में उठाया जाएगा। आतंकवाद की जीत नहीं हो सकती।’’ अंकारा के मेयर ने बंदूकधारी की पहचान तुर्की के पुलिसकर्मी के रूप में की है। हमलावर ने अंकारा कला प्रदर्शनी के दौरान राजदूत पर हमला किया। वह चिल्ला रहा था, ‘‘अल्लेपो’’ और ‘‘बदला’’।
रूस ने कहा कि राष्ट्रपति व्लादीमिर पुतिन को सूचित किया गया है। इस घटना से कुछ दिनों पहले तुर्की ने सीरिया में रूस की भूमिका का विरोध किया था। हालांकि रूस और तुर्की फिलहाल तहस नहस हुए अल्लेपो शहर से नागरिकों को निकालने का काम मिलकर कर रहे हैं।