Tuesday , July 1 2025 4:36 PM
Home / News / दो लिमोजिन और 506 टन सामान लेकर इंडोनेशिया जाएंगे सऊदी अरब के किंग सलमान

दो लिमोजिन और 506 टन सामान लेकर इंडोनेशिया जाएंगे सऊदी अरब के किंग सलमान


रियाद। सऊदी अरब के किंग सलमान बिन अब्दुल अजीज अल सौद इसी सप्ताह नौ दिनों के लिए इंडोनेशिया जा रहे हैं। यह 46 वर्षों में पहली बार होगा, जब सऊदी अरब का कोई शाह दुनिया के सबसे बड़े मुस्लिम राष्ट्र का दौरा करेगा। इसे दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंध मजबूत करने के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि सऊदी शाह सलमान इसे लेकर नहीं बल्कि उनके साथ जा रहे सामान को लेकर चर्चा में आ गए हैं।

इंडोनेशियाई मीडिया के मुताबिक, 81 वर्षीय किंग सलमान अपने साथ 506 टन का सामान साथ ले जाने वाले हैं। इसमें दो मर्सिडिज बेंज एस-600 लिमोजिन कारें और दो इलेक्ट्रिक एलिवेटर्स शामिल हैं।

पीटी जसा अंगकासा सेमेस्ता नामक कंपनी को किंग का सामान लाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कंपनी के 572 कर्मचारी किंग सलमान के सामान की देखरेख कर रहे हैं।

शाही अंदाज में करते हैं यात्रा

सऊदी अरब का परिवार शाही अंदाज में ही यात्रा के लिए जाना जाता है। 2015 में वॉशिंगटन दौरे में किंग सलमान ने 222 कमरों वाला होटल ही बुक करवा लिया था। बीते साल किंग सलमान के एक हजार लोगों ने फ्रांस के फ्रेंच रिविएरा बीच को तीन दिनों के लिए बंद कर दिया था।