
ब्राजील: ब्राजील के इल्हा ग्रांडे आइलैंड पर 2 दोस्तों के मिलन की तस्वीरें इन दिनों सुर्खियों में छाई हुई हैं। ये तस्वीरें एक पेंग्विन के अपने दोस्त से मिलने की हैं। डिंडिम नाम का यह पेंग्विन अपने 71 वर्षीय दोस्त जोआउ परेरा डिसूजा से मिलने आता है।परेरा राजगीर का काम करते थे। रिटायर्ड होने के बाद वह मछुआरे का काम करते हैं। 2011 में यह पेंग्विन उन्हें प्रोवेटा गांव के तट पर चट्टानों के बीच मिला था। पेंग्विन भूखा और तेल में सना हुआ था। डिसूजा ने घर ले जाकर उसकी देखभाल की।
साउथ अमेरिकन मैजलैनिक प्रजाति का यह पेंग्विन जब स्वस्थ हो गया तो परेरा ने उसे वापस समुद्र में छोड़ दिया। उसे वापस छोड़ते समय परेरा ने कल्पना भी नहीं की होगी कि वह उसे दोबारा देख पाएंगे।
कुछ महीनों बाद डिंडिम को उसी आइलैंड पर देखकर परेरा आश्चर्यचकित रह गए। पेंग्विन ने उन्हें पहचान लिया तो वह उसे फिर से घर ले आए।अब डिंडिम आठ महीने परेरा के साथ रहता है और बाकी के चार महीने वह चिली और अर्जेंटीना के तट पर प्रजनन करता है।
वह हर साल परेरा से मिलने 5000 मील तैरकर आता है। परेरा ने कहा कि वह पेंग्विन को अपने बच्चे की तरह प्यार करते हैं और मानते हैं कि पेंग्विन भी उनसे प्यार करता है। परेरा के मुताबिक डिंडिम किसी को खुद को छूने नहीं देता, लेकिन वह उसे अपनी गोद में बैठा लेते हैं, उसे हाथों से खाना खिलाते हैं। परेरा उसे रोज मछली खिलाते हैं ताकि उसके ताकत बढ़ सके और वह वापस अपने तट पर जा सके।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website