Friday , February 20 2026 9:37 AM
Home / News / ईरान की ओर बढ़े अमेरिकी युद्धपोत, HQ-9B एयर डिफेंस को लेकर खौफ में चीन, रूसी S-400 की भी परीक्षा

ईरान की ओर बढ़े अमेरिकी युद्धपोत, HQ-9B एयर डिफेंस को लेकर खौफ में चीन, रूसी S-400 की भी परीक्षा


अमेरिका के राष्‍ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रंप और उनके सलाहकारों ने फिलहाल ईरान पर हमला नहीं करने का फैसला किया है। ईरान ने भी कहा है कि वह प्रदर्शनकारियों को फांसी नहीं देगा। अमेरिका और ईरान दोनों के बीच राजनयिक स्‍तर पर बातचीत चल रही है। सऊदी अरब और कतर जैसे अमेरिका के सहयोगी देशों ने भी ट्रंप को सलाह दी थी कि वह तेहरान पर हमला करने से परहेज करे। विश्‍लेषकों का कहना है कि ट्रंप ने योजना बनाई थी कि ईरान पर बहुत ही तेजी से हमला किया जाए और बहुत ही कम समय में ईरान के शासकों को सत्‍ता से हटा दिया जाए। वहीं रक्षा मंत्रालय पेंटागन के अधिकारियों ने उन्‍हें सलाह दी कि इस बात की कोई गारंटी नहीं है कि वेनेजुएला की तरह से ईरान पर हमला बहुत तेजी से निपट जाएगा। इस वजह से अमेरिकी सेना को हमले के लिए तैयारी की जरूरत है। इस बीच चीन को डर सता रहा है कि जब भी हमला होगा, उसके HQ-9B एयर डिफेंस सिस्‍टम की पोल खुल जाएगी। यही नहीं रूसी S-400 एयर डिफेंस सिस्‍टम की भी इस हमले के दौरान परीक्षा हो सकती है।
इससे पहले वेनेजुएला में भी चीनी एयर डिफेंस सिस्‍टम और अमेरिकी फाइटर जेट आमने सामने थे। इसमें रूसी एयर डिफेंस बुरी तरह से फेल साबित हुए थे। रूसी S-300VM सिस्‍टम और Buk-M2E सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल भी अमेरिकी हमले को रोकने में नाकाम रही थी। अमेरिका ने अपने EA-18G Growler एयरक्राफ्ट की मदद से इलेक्‍ट्रोनिक वारफेयर को अंजाम दिया था। विश्‍लेषकों का कहना है कि ईरान में अमेरिका को ज्‍यादा जटिल परिस्थितियों का सामना करना पड़ सकता है जहां कई चरणों में एयर डिफेंस सिस्‍टम काम करते हैं।