Wednesday , March 4 2026 3:37 PM
Home / Sports / विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में वॉरहोम, नाकायी और स्टाह्ल का दिखा दबदबा, दर्शकों से गुलज़ार हुआ स्टेडियम

विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में वॉरहोम, नाकायी और स्टाह्ल का दिखा दबदबा, दर्शकों से गुलज़ार हुआ स्टेडियम

दोहा (01 अक्टूबर, 2019)- दोहा में चल रही 17वीं विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के चौथे दिन छह स्वर्ण पदकों के लिए मुकाबला था, जिसमें से दो फिल्ड ईवेंट में और चार ट्रेक ईवेंट में थे। ट्रेक ईवेंट में सभी की नजरें पुरुषों की 5000 मीटर के फाइनल पर थी, जिसमें इथोपिया के धावकों का दबदबा दिखा। इथोपिया के मुख्तार एडरिस ने 12 मिनट 58.85 सैकंड का समय लेते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। रजत पदक भी इथोपिया के बारेगा के खाते में ही गया। नॉर्वे के इंगब्रिजसेन भाईयों की तिकड़ी पदक की दौड़ से बाहर हो गई हालांकि तीनों भाईयों जैकब, हेनरी और फिलिप में से जैकब और हेनरी ही दौड़ पूरी कर सके।

दिन का दूसरा गोल्ड महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेज़ में केन्या की बिट्रिस चेपकोच ने जीता। उन्होंने 8 मिनट 57.84 सैकंड का समय लेते हुए चैंपियनशिप रिकार्ड बनाया। अमेरिका की एम्मा कूबर्न दूसरे स्थान पर रहीं।

महिलाओं के 800 मीटर फाइनल में युगांडा की हलीमा नाकायी ने1 मिनट 58.04 सैकंड का समय लेते हुए स्वर्ण पद पर कब्जा जमाया। अमेरिका की रोजर्स और विल्सन ने रजत और कांस्य पदक जीता।

वहीं ट्रेक ईवेंट में पुरुषों के डिस्कस थ्रो में  स्वीडन के डेनियल स्टाह्ल पर सभी की नज़रे थीं। उन्होंने 67.59 मीटर दूसरी तक डिस्कस फेंक कर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।

महिलाओं की हाईजंप में रूस की मारिया लासिसकेने ने 2.04 मीटर की हाईट को लांघ कर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। हालांकि रूस पर प्रतिबंध की वजह से उन्हें आथोराईज़्ड न्यूट्रल एथलीट का दर्जा दिया गया।

दिन का आखिरी मुकाबला पुरुषों की 400 मीटर हर्डल्स दौड़ थी और स्वर्ण पदक के दावेदार नार्वे के कार्स्टेन वॉरहोम थे जिन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 47.42 सैकंड में आसानी से रेस पूरी करते हुए अव्वल स्थान हासिल किया। अमेरिका के राय बेंजामिन 47.66 सैकंड के समय के साथ दूसरे और      कतर के अब्दुररहमान सांबा तीसरे स्थान पर रहे  , उन्होंने 48.03 सैकंड का समय लिया।

वर्ल्ड चैंपियनशिप के चौथे दिन भारत के लिए कामयाबी भरा दिन रहा। भारत की  अनु रानी ने जेवलिन थ्रो में पदक की उम्मीद जगा दी.. अनु ने नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाते हुए फ़ाइनल में जगह पक्की की । क्वालिफिकेशन राउंड में अनु ने 62.43 मीटर की दूरी तक जेवलिन थ्रो किया जो उनके राष्ट्रीय रिकार्ड 62.34 मीटर से ज्यादा रही । जेवेलिन थ्रो के फ़ाइनल में जगह बनाने वाली वो पहली भारतीय महिला एथलीट बन गई हैं। जेवलिन थ्रो का फाइनल मंगलवार को होना है।

पुरुषों के 200 मीटर सेमीफाइनल मुकाबले में अमेरिका के स्टार एथलीट नोआह लाइलिस ने दर्शकों को निराश नहीं किया और 19.86 सैकंड में रेस पूरी करते हुए फाइनल में जगह बनाई। लाइलिस का सर्वश्रेष्ठ समय 19.50 का है और उनका मानना है कि 200 मीटर की दौड़ को 19 सैकंड से कम समय में भी पूरा किया जा सकता है। हालांकि 200 मीटर का वर्ल्ड रिकार्ड (19.19) जमैका के यूसैन बोल्ट के नाम है। फाइनल मुकाबला मंगलवार को खेला जाएगा और लाइलिस स्वर्ण पदक जीतने के प्रबल दावेदार हैं।

वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में दर्शकों की कमी चौथे दिन देखने को नहीं मिली और भारी संख्या में दर्शकों ने एथलीटों का उत्साह जमकर बढ़ाया । चौथे दिन का अंत होने तक पदक तालिका में अमेरिका 4 गोल्ड मैडल के साथ कुल 13 पदक जीतने के बाद सबसे पहले पायदान पर है। चीन दूसरे, जमैका तीसरे और केन्या चौथे स्थान पर बना हुआ है।