
चटगांव। बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर और पीटर हैंड्सकॉम्ब के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट में बढ़त लेने की ओर कदम बढ़ा दिए हैं। यहां के जहूर अहमद चौधरी स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया ने मंगलवार को दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक अपनी पहली पारी में 64 ओवर में दो विकेट पर 225 रन बना लिए थे।
ऑस्ट्रेलिया अब भी बांग्लादेश से 80 रन पीछे है और उसके आठ विकेट बाकी हैं। वार्नर 170 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 88 और हैंड्सकॉम्ब 113 गेंदों पर पांच चौकों की बदौलत 69 रन बना लिए हैं। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 127 रन की साझेदारी हो गई है।
इससे पहले कप्तान स्टीवन स्मिथ ने भी 58 रन की उपयोगी पारी खेली। स्मिथ 94 गेंदों पर आठ चौके लगाने के बाद आउट हो गए। मैट रेनशॉ सिर्फ चार रन ही बना सके। बांग्लादेश की ओर से मुस्ताफिजुर रहमान और तैजुल इस्लाम ने 1-1 विकेट लिया है। इससे पहले आज सुबह बांग्लादेश ने अपनी पारी 253/6 रन से आगे शुरू की। मेजबान टीम 113.2 ओवर में 305 रन पर सिमट गई। पिछले दिन के नाबाद बल्लेबाज विकेटकीपर कप्तान मुश्फिकुर रहीम 68 और नासिर हुसैन 45 रन बनाकर पैवेलियन लौट गए। पहले दिन शब्बीर रहमान ने 66, सौम्य सरकार ने 33 और मोमिनुल हक ने 31 रन का योगदान दिया था। ऑस्ट्रेलियाई ऑफ स्पिनर नाथन लियोन ने सात और बाएं हाथ के स्पिनर एश्टन एगर ने दो विकेट झटके।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website