Sunday , April 12 2026 8:54 AM
Home / News / ‘ईरान के बिना भी होर्मुज स्ट्रेट को खोलेंगे’, इस्लामाबाद वार्ता से पहले ट्रंप का बड़ा बयान, तेहरान के पास नहीं होगा परमाणु हथियार

‘ईरान के बिना भी होर्मुज स्ट्रेट को खोलेंगे’, इस्लामाबाद वार्ता से पहले ट्रंप का बड़ा बयान, तेहरान के पास नहीं होगा परमाणु हथियार


राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस्लामाबाद में होने वाली अमेरिका-ईरान के बीच होने वाली बातचीत से पहले कहा है कि किसी भी समझौते में परमाणु हथियारों को खत्म किया जाना जरूरी है। ट्रंप ने यह भी कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य जल्द ही फिर से खुल जाएगा, चाहे ईरान सहयोग करे या न करे। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका होर्मुज स्ट्रेट में किसी भी तरह का टोल वसूलने की अनुमति नहीं देगा। ट्रंप का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब अमेरिका और ईरान के प्रतिनिधि शनिवार को इस्लामाबाद में बातचीत के लिए मिल रहे हैं।
तेहरान के परमाणु कार्यक्रम पर फोकस – अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि ईरान के साथ किसी भी समझौते में उनका मुख्य ध्यान तेहरान की परमाणु क्षमताओं को सीमित करने पर होगा। उन्होंने कहा, ‘कोई परमाणु हथियार नहीं। यही 99% बात है।’ जब उनसे पूछा गया कि क्या इस समझौते में जलडमरूमध्य का मुद्दा भी शामिल होगा, तो ट्रंप ने कहा कि हां, होगा।
ईरान हार चुका है- ट्रंप – ट्रंप ने ईरान की हार का दावा किया और कहा कि होर्मुज स्ट्रेट अपने आप खुल जाएगा। उन्होंने कहा, वे फौजी तौर पर हार चुके हैं और अब हम किसी डील के साथ या उसके बिना भी खाड़ी को खोल देंगे। लेकिन वह खुल जाएगी। अमेरिकी राष्ट्रपति ने उम्मीद जताई कि यह प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ेगी। इसके साथ ही ईरान को चेतावनी भी दी। उन्होंने कहा, मुझे लगता है कि यह काफी तेजी से आगे बढ़ेगा और अगर ऐसा नहीं होता है तो हम इसे किसी न किसी तरह से पूरा कर ही लेंगे।
ईरान की नेवी खत्म हो चुकी है, एयरफोर्स खत्म हो चुकी है, हवाई हमले रोकने वाले सारे सिस्टम खत्म हो चुके हैं। नेता खत्म हो चुके हैं और पूरी जगह खत्म हो चुकी है। डोनाल्ड ट्रंप, अमेरिकी राष्ट्रपति
वेंस की तेहरान को चेतावनी – अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने इस्लामाबाद के लिए रवाना होने से पहले तेहरान को तीखी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि ‘अगर ईरानी सद्भावना के साथ बातचीत करने को तैयार हैं, तो हम निश्चित रूप से उनके साथ सहयोग का हाथ बढ़ाने को तैयार हैं। लेकिन वे हमारे साथ खेल खेलने की कोशिश करेंगे, तो उन्हें पता चलेगा कि हमारी बातचीत करने वाली टीम इतनी नरम नहीं है।’