Thursday , March 19 2026 8:21 AM
Home / News / ‘पाकिस्तान को डिस्काउंट पर तेल देंगे’: भारत को छूट खत्‍म कर रूस का इस्‍लामाबाद को बड़ा ऑफर, पुतिन का डबलगेम!

‘पाकिस्तान को डिस्काउंट पर तेल देंगे’: भारत को छूट खत्‍म कर रूस का इस्‍लामाबाद को बड़ा ऑफर, पुतिन का डबलगेम!


रूस ने पाकिस्तान को कच्चे तेल की खरीद का ऑफर दिया है। पाकिस्तान में रूस के राजदूत अल्बर्ट खोरेव ने बताया है कि हम पाकिस्तान को रियायती दर पर तेल सप्लाई करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि तेल डिस्काउंट पर दिया जाएगा और पाकिस्तान को इस मौके का फायदा उठाना चाहिए। रूस की ओर से पाकिस्तान को ऐसे समय यह ऑफर दिया गया है, जब ईरान युद्ध की वजह से दुनिया के बड़े हिस्से में एनर्जी संकट है। ईरान के होर्मुज स्ट्रेट को बंद कर देने के चलते इस समुद्री रास्ते से तेल और गैस की सप्लाई नहीं हो पा रही है।
जियो टीवी के मुताबिक, मंगलवार को इस्लामाबाद में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए अल्बर्ट खोरेव ने कहा कि अगर पाकिस्तान ने औपचारिक रूप से उनके देश से संपर्क किया तो मॉस्को रियायती दर पर तेल बेचेगा। हालांकि रूसी राजदूत ने कहा कि इस संबंध में अभी तक कोई औपचारिक संपर्क मॉस्को से नहीं किया गया है।
भारत को इनकार, पाकिस्तान को ऑफर – रूसी राजदूत ने पाकिस्तान के साथ संबंध सुधारने पर जोर देते हुए कहा कि ऊर्जा क्षेत्र दोनों देशों के द्विपक्षीय सहयोग का सबसे महत्वपूर्ण स्तंभ है लेकिन इस क्षेत्र में कोई भी प्रगति इस्लामाबाद की ओर से बातचीत शुरू करने पर निर्भर करेगी। उन्होंने साफ किया है कि रूस का रुख पाकिस्तान को तेल सप्लाई पर सकारात्मक है।
रूस की व्लादिमीर पुतिन सरकार का पाकिस्तान को यह ऑफर इसलिए ध्यान खींचता है क्योंकि इस्लामाबाद को पारंपरिक तौर पर अमोरिकी गुट का माना जाता है। दूसरी ओर रूस के भारत से अच्छे संबंध रहे हैं। रूस ने ईरान संकट के बाद एक तरफ भारत को तेल पर कोई छूट नहीं दी है, वहीं पाकिस्तान को खुद बढ़कर डिस्काउंट की बात कही है।
भारत को छूट में कमी – भारत के लिए रूसी तेल पर मिलने वाली छूट हालिया दिनों में खत्म हो गई है। भारत को 2022 से 2025 तक रूसी तेल पर मिलने वाली छूट काफी ज्यादा थी। हालांकि अब भारत को तेल खरीदने के लिए ज्यादा कीमत 98 से 100 प्रति बैरल तक चुकानी पड़ रही है। इसका सीधा असर भारत के तेल आयात पर पड़ रहा है।