
आईपीएल 2026 का 9वां मैच गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला गया। इस सीजन का अब तक का यह सबसे रोचक मुकाबला रहा। इस हाई वोल्टेज मुकाबले में जीत राजस्थान रॉयल्स की हुई। उन्होंने 6 रन से होम टीम गुजरात टाइटंस को हरा दिया। लेकिन इस मैच में गुजरात के तेज गेंदबाज अशोक शर्मा ने काफी सुर्खियां बटोरी। अशोक अपनी रफ्तार के चलते चर्चा में रहे।
अशोक शर्मा ने आईपीएल 2026 की सबसे तेज गेंद डाली। 16वें ओवर की आखिरी गेंद उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल को 154.2KMPH से फेंकी। आखिर कौन हैं अशोक शर्मा, आइये जानते हैं।
कौन हैं अशोक शर्मा? – 23 साल के तेज गेंदबाज अशोक शर्मा राजस्थान के रहने वाले हैं और राजस्थान के लिए ही डॉमेस्टिक क्रिकेट खेलते हैं। घरेलू क्रिकेट में वह ठीक ठाक प्रदर्शन करते हुए आ रहे हैं। उन्होंने अब तक 4 फर्स्ट क्लास मुकाबले, 7 लिस्ट ए तो 12 टी20 मुकाबले खेले हैं। उनके नाम प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 14, लिस्ट ए में 13 तो टी20 में 12 विकेट हैं।
राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता का रह चुके हिस्सा – अशोक शर्मा सबसे पहले राजस्थान रॉयल्स में नेट बॉलर थे। इसके बाद 2022 में उनको अपना पहला आईपीएल कॉन्ट्रैक्ट मिला। कोलकाता नाइटराइ़र्स ने अशोक को 55 लाख रुपये में खरीदा था। हालांकि उनको केकेआर के लिए एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला। इसके बाद अशोक शर्मा को आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन में राजस्थान रॉयल्स ने अपने साथ 30 लाख रुपये में जोड़ा।
लेकिन आरआर ने भी अशोक शर्मा को एक भी मैच नहीं खिलाया। इसके बाद 2026 के मिनी ऑक्शन में गुजरात टाइटंस ने अशोक शर्मा को 90 लाख रुपये में खरीदा था। अब तक इस सीजन आईपीएल में अशोक दो मैच खेल चुके हैं और उन्होंने दो विकेट लिए हैं। आगे और मुकाबलों में उनको देखना दिलचस्प रहेगा।
Home / Sports / कौन हैं अशोक शर्मा? जिन्होंने डाली IPL 2026 की सबसे तेज बॉल, हवा से बातें करती है इनकी गेंद
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website