
इंडियन प्रीमियर लीग 2024 के अपने अंतिम लीग मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने पंजाब किंग्स को 4 विकेट से हरा दिया। टीम के इस दमदार प्रदर्शन से कप्तान पैट कमिंस काफी खुश दिखाई दिए। खास तौर से उन्होंने बाएं हाथ के युवा ओपनर बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की जमकर तारीफ की। अभिषेक इस सीजन में 209.41 की तूफानी स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की है। अभिषेक ने लीग के मौजूदा सत्र में गेंदबाजों के मन में खौफ पैदा किया है, जिसमें उनकी आईपीएल टीम और ऑस्ट्रेलिया के कप्तान कमिंस भी शामिल हैं।
अभिषेक ने पंजाब किंग्स के खिलाफ 28 गेंदों में 66 रनों की पारी में छह छक्के और पांच चौके जड़े जिससे उनकी टीम ने पांच गेंद शेष रहते 215 रनों के लक्ष्य को हासिल कर लिया। कमिंस ने मैच के बाद पुरस्कार समारोह में कहा, ‘वह अद्भुत हैं। मैं उसे गेंदबाजी नहीं करना चाहूंगा। यह डरावना है क्योंकि वह तेज गेंदबाजों और स्पिनरों के खिलाफ बेखौफ होकर खेलता है।’
नीतीश रेड्डी की भी कमिंस ने की तारीफ – घरेलू क्रिकेट में पंजाब का प्रतिनिधित्व करने वाले 23 साल के अभिषेक ने इस आईपीएल सत्र में 13 मैचों में लगभग 210 की स्ट्राइक रेट से 467 रन बनाए हैं। उन्होंने इस दौरान 41 छक्के और 35 चौके लगाए है। वह एक आईपीएल सत्र में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए है। कमिंस ने नितीश रेड्डी की भी सराहना की जिन्होंने चौथे क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए 25 गेंदों में 37 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली।
उन्होंने कहा, ‘नीतीश एक स्तरीय खिलाड़ी हैं, अपनी उम्र से कहीं अधिक परिपक्व हैं, ऐसा लगता है कि वह खेल को बहुत अच्छी तरह से समझता है। वह हमारे शीर्ष क्रम के लिए बिल्कुल उपयुक्त हैं।’ मैन ऑफ द मैच चुने गए अभिषेक ने कहा कि महान बल्लेबाज ब्रायन लारा के साथ काम करने के बाद उन्हें काफी फायदा हुआ है। लारा इस सत्र पहले इस फ्रेंचाइजी से जुड़े थे।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website