Monday , February 9 2026 9:30 PM
Home / Sports / क्या केन्या के किपचोगे 1 घंटे 59 मिनट में दौड़ पाएंगें 42.195 किलोमीटर ?

क्या केन्या के किपचोगे 1 घंटे 59 मिनट में दौड़ पाएंगें 42.195 किलोमीटर ?

(11 अक्टूबर, 2019) – भारत में 12 अक्टूबर, शनिवार को जब दोपहर के पौने दो बजेंगे तो पूरी दुनिया को मालूम पड़ जाएगा कि 42 किलोमीटर की मैराथन रेस क्या दो घंटे से कम समय में पूरी की जा सकती है ?  क्योंकि 12 अक्टूबर शनिवार को केन्या के एलियुड किपचोगे 1.59 चैलेंज में दौड़ने वाले हैं, इस मैराथन में उनका लक्ष्य 2 घंटे से एक सैकंड कम समय यानी 1 घंटे 59 मिनट और 59 सैकंड में 42.195 किलोमीटर रेस को पूरा करना होगा। इस पूरी कवायद का लक्ष्य मैराथन रेस में 2 घंटे के बैरियर को तोड़ने की है जिसे मानवीय क्षमता की पराकाष्ठा भी कहा जा रहा है। ऑस्ट्रिया की राजधानी विएना में होने जा रही इस मैराथन रेस में सिर्फ एलियुड किपचोगे ही दौड़ेंगे लेकिन उनकी सहायता के लिए दुनिया भर के चुनिंदा मैराथन धावक उनके साथ दौडेंगे और उनकी गति में इजाफा कराने में उनकी मदद करेंगे। ऐसे 10 से अधिक पेस मेकर होंगे जो उनके आगे तेज गति से दौड़ेंगे जिससे किपचोगे की रफ्तार में कमी नहीं आए और वो 1 घंटा 59 मिनट में 42 किलोमीटर की मैराथन पूरी कर लें। इन पेस मेकर का काम यही होगा कि वो थोड़ी दूरी तक किपचोगे के आगे तेज गति से दौड़ेंगे जिससे किपचोगे को तेज रफ्तार बरकरार रखने में मदद मिले लेकिन कुछ दूरी के बाद पेस मेकर्स में भी बदलाव हो जाएगा ताकि फ्रेश पेस मेकर किपचोगे की रफ्तार को कम नहीं होने दें।

दुनिया भर के खेल वैज्ञानिकों की इस मैराथन पर नजर रहेगी जो कि भारतीय समय के मुताबिक 12 अक्टूबर 2019 को दोपहर में 11 बजकर 45 मिनट पर शुरु होगी। फिलहाल किपचोगे के नाम ही मैराथन का वर्ल्ड रिकॉर्ड है जो उन्होंने साल 2018 में बर्लिन मैराथन के दौरान 2 घंटे 1 मिनट और 39 सैकंड का समय लेते हुए बनाया था। हालांकि कुछ दिनों पहले ही संपन्न हुई साल 2019 की बर्लिन मैराथन में केन्या के ही केनिनिसा बेकेले ने 2 घंटे 1 मिनट और 41 सैकंड का समय लिया और वो 2 सैकंड से वर्ल्ड रिकार्ड तोड़ने में चूक गए।

अगर केन्या के किपचोगे को 1 घंटा 59 मिनट और 59 सैकंड में रेस पूरी करनी है तो उन्हें लगातार दो घंटे तक तेज़ रफ्तार से दौड़ना पड़ेगा। जानकारों के मुताबिक उन्हें 100 मीटर की दूरी 17.08 सैकंड में पूरी करनी होगी और ऐसा उन्हें 422 बार करना होगा। या कहें तो किपचोगे को अपना लक्ष्य हासिल करने के लिए अपनी रफ्तार को निम्नलिखित दूरी के हिसाब से बरकरार रखनी होगी।

दूरी लक्षित समय मौजूदा वर्ल्ड रिकार्ड
42.195 किलोमीटर 1 घंटा 59 मिनट 59 सैकंड में 2 घंटा 1 मिनट 39 सैकंड
21 किलोमीटर 59 मिनट 59 सैकंड में 58 मिनट 18 सैकंड
10,000 मीटर 28 मिनट 26 सैकंड में 26 मिनट 17.53 सैकंड
5000 मीटर 14 मिनट 13 सैकंड में 12 मिनट 37.35 सैकंड
1500 मीटर 4 मिनट 16 सैकंड में 3 मिनट 26.00 सैकंड
800 मीटर 2 मिनट 16 सैकंड में 1 मिनट 40.91 सैकंड
400 मीटर 1 मिनट 8 सैकंड में 43.03 सैकंड
200 मीटर 34.17 सैकंड में 19.19 सैकंड
100 मीटर 17.08 सैकंड में  9.58 सैकंड

विएना का ये ट्रेक जिस पर किपचोगे दौड़ेंगे वो शहर के बीच में हरा-भरा गार्डन है जिसे ट्रैक की शक्ल देते हुए दो हिस्सो में बांटा गया है। इसी ट्रैक के कई चक्कर किपचोगे लगाएंगे हालांकि ये ट्रेक बिल्कुल फ्लैट है और लेकिन इसमें दो सिरे हैं जिसे उन्हें गोल घुम कर पार करना होगा। माना जा रहा है कि गोर घुम कर दौड़ लगाने में समय की बर्बादी हो सकती है लेकिन 42 किलोमीटर की सीधी रेखा वाला ट्रेक जिसमें चढ़ाव या उतार ना हो मिलना मुश्किल होता है। इसलिए विएना के वातावरण, उमस, तापमान, स्थान और सीधेपन की वजह से इस स्थान को चुना गया है… तो आप भी तैयार हो जाईये जब इस शनिवार यानी 12 अक्टूबर को सभी की नज़रे किपचोगे पर होगी जो 2 घंटे का मैराथन बैरियर तोड़ने की कोशिश करेगें।…