
बांग्लादेश चुनाव में बांग्लादेश नेशलिस्ट पार्टी (BNP) की जीत के बाद देश में राजनीतिक घटनाक्रम तेजी से बदलने लगे हैं। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग ने संकेत दिया है कि वह जल्द ही बीएनपी से संपर्क कर सकती है। देश से बाहर रह रहीं शेख हसीना के बेटे सजीब वाजेद ने इस बारे में एक इंटरव्यू में बात की है। उन्होंने बीएनपी को बांग्लादेश की बड़ी पार्टी बताया और कहा कि जल्द ही बातचीत के रास्ते खुल सकते हैं। यह बयान ऐसे समय में आया है जब गुरुवार को हुए बांग्लादेश के राष्ट्रीय चुनाव में तारिक रहमान के नेतृत्व में बीएनपी को बड़ी जीत मिली है। मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार ने अवामी लीग पर प्रतिबंध लगाकर चुनाव से बाहर कर दिया था।
CNN-न्यूज18 के साथ एक खास बातचीत में सजीब वाजेद ने कहा, “BNP बांग्लादेश की बड़ी पार्टी है। हम जल्द ही उनसे संपर्क करेंगे।’ साल 2024 में जुलाई विद्रोह में सत्ता गंवाने के बाद शेख हसीना भागकर भारत आ गई थीं। वे तब से भारत में ही गुप्त स्थान पर रह रही हैं। बांग्लादेश और भारत के बीच तनाव का एक मुद्दा शेख हसीना की मौजूदगी भी रही है।
अवामी लीग करेगी वापसी- वाजेद – सजीब वाजेद ने कहा कि अवामी लीग पर प्रतिबंध लगाने की वजह से चुनाव में BNP को खुला मैदान मिल गया है। उन्होंने कहा कि कोई असली विपक्ष नहीं है, क्योंकि अवामी लीग को चुनाव लड़ने के रोक दिया गया है। वाजेद ने जोर देकर कहा कि अवामी लीग वापसी करेगी। उन्होंने कहा, अवामी लीग कहीं नहीं जा रही है, क्योंकि बांग्लादेश के लोग अब भी हमारी पार्टी से प्यार करते हैं। हम बांग्लादेश में वापसी करेंगे।
पीएम मोदी ने दी रहमान को बधाई – इस बीच भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनाव में बड़ी जीत दर्द करने पर बीएनपी अध्यक्ष तारिक रहमान को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह जीत बांग्लादेश की जनता के उनके नेतृत्व पर भरोसे को दर्शाती है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, ‘बांग्लादेश में पार्लियामेंट्री चुनावों में बीएनपी को बड़ी जीत दिलाने के लिए मैं तारिक रहमान को दिल से बधाई देता हूं। यह जीत बांग्लादेश के लोगों का आपके लीडरशिप पर भरोसा दिखाती है। भारत एक डेमोक्रेटिक, प्रोग्रेसिव और सबको साथ लेकर चलने वाले बांग्लादेश के सपोर्ट में खड़ा रहेगा।’
Home / News / BNP से दोस्ती करेगी अवामी लीग? बांग्लादेश में चुनाव नतीजों के बाद शेख हसीना के बेटे का बड़ा बयान
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website