Monday , February 9 2026 4:11 PM
Home / Sports / विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप – दोहा का पहला स्वर्ण पदक रुथ चैनगेटिच के नाम, केन्याई महिला एथलीट ने जीता पदक, चैंपियनशिप की हुई रंगारंग शुरुआत

विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप – दोहा का पहला स्वर्ण पदक रुथ चैनगेटिच के नाम, केन्याई महिला एथलीट ने जीता पदक, चैंपियनशिप की हुई रंगारंग शुरुआत

दोहा (28 सितंबर, 2019)- दोहा में 27 सितंबर से शुरू हुई 17वीं विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप का पहला स्वर्ण पदक महिला मैराथन से आया। केन्या की रुथ चैनगेटिच ने 2 घंटे 32 मिनट और 43 सैकंड में मैराथन रेस पूरी कर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया । इस मैराथन रेस की खास बात ये थी कि  ये दौड़ आधी रात को शुरू हुई। दोहा में गर्मी अधिक होने की वजह से मैराथन को आधी रात को शुरू कराने का फैसला लिया गया। उमस और गर्मी की वजह से कई एथलीट मैराथन रेस पूरी नहीं कर सके और बीच रेस में ही उन्हें बाहर होना पड़ा लेकिन केन्या की रुथ चैनगेटिच ने सबसे पहले 42.195 किलोमीटर की मैराथन को पूरा किया। इसके बाद बहरीन की रोज़ चेलिमो ने रेस पूरी करते हुए रजत पदक पर कब्जा जमाया। चेलिमो ने 2 घंटे 33 मिनट 46 सैकंड का समय लिया। नामिबिया की हैलेलिया जोहानेस ने 2 घंटे 34 मिनट और 15 सैकंड का समय लेते हुए कांस्य पदक जीता। कुल 68 महिला मैराथन धावकों ने रेस में हिस्सा लिया लेकिन सिर्फ 40 एथलीट रेस पूरी कर सके जबकि 28 एथलीटों को बीच में ही रेस छोड़नी पड़ी।

मैराथन रेस से पहले कतर की राजधानी दोहा में चैंपियनशिप की आधिकारिक शुरुआत हुई। इस मौके पर आईएएएफ के नवनियुक्त अध्यक्ष सेबेस्टियन को और अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति के अध्यक्ष थॉमस बाक भी मौजूद थे। कतर के शेख तमीम बिन हमद अल-थानी ने चैपियनशिप के आधिकारिक शुरुआत की घोषणा की।

आधिकारिक शुरुआत से पहले ही चैंपियनशिप का शाम का सत्र संपन्न हो गया। जिसमें सभी की नजरें 100 मीटर फर्राटा रेस के धावक क्रिश्चियन कौलेमन पर थी। अमेरिका के कौलेमन ने हीट्स में सबसे कम 9.98 का समय निकाला और सबसे आगे रहे। माना जा रहा है कि शनिवार देर रात होने वाले 100 मीटर रेस के फाइनल में कौलेमन स्वर्ण पदक के तगड़े दावेदार हैं। इसके अलावा जमैका के योहान ब्लैक, अमरेका के जस्टिन गेटलिन, कनाडा के डिग्रास, फ्रासं के वेकू भी स्वर्ण पदक के लिए अपनी दावेदारी पेश करेंगे।

भारत के लिए पहले दिन अच्छी खबर ये थी कि पुरुषों की 400 मीटर हर्डल्स में जबीर मदारी ने अपनी हीट्स में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल मेंजगह बना ली । जबीर ने 49.62 सैकंड का समय लिया। वहीं पुरुषों की लांग जंप में श्रीशंकर 7.62 मीटर की छलांग ही लगा पाए और फाइनल में जगह बनाने में कामयाब नहीं रहे