
आईसीसी विश्व कप-2019 में आज ट्रेंट ब्रिज मैदान पर भारत का सामना न्यूजीलैंड से होगा। दोनों टीमें अभी तक एक भी मैच नहीं हारी हैं। इस मैच में हालांकि बारिश पर भी नजर रहेगी। बारिश के कारण अभी तक इस विश्व कप में तीन मैच रद्द हो चुके हैं। न्यूजीलैंड ने तीन मैच खेले हैं और तीनों में जीत हासिल की है। भारत ने दो मैचों खेले हैं और दोनों में उसे जीत मिली है। अभ्यास मैच में भारत का सामना न्यूजीलैंड से हो चुका है और वहां उसे हार मिली थी।
अभ्यास मैच में कीवी टीम के सामने भारत की बल्लेबाजी ढह गई थी। इस मैच में भारतीय टीम अपनी उस हार को ध्यान में रखकर सतर्क रहते हुए उतरेगी। भारत का सतर्क रहना जरूरी भी है क्योंकि इस मैच में उसके प्रमुख बल्लेबाजों में से एक शिखर धवन नहीं होंगे। धवन अंगूठे में चोट के कारण बाहर हो गए हैं। धवन जैसी फॉर्म में चल रहे बल्लेबाज का बाहर होना भारत के लिए परेशानी है। धवन की जगह न्यूजीलैंड के खिलाफ लोकेश राहुल, रोहित शर्मा के साथ बतौर सलामी जोड़ी मैदान पर कदम रखेंगे। राहुल पिछले दो मैचों में नंबर-4 पर खेले थे।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website