
अर्जेंटीना के महान फुटबॉलर डिएगो माराडोना के निधन के शोक से खेल की दुनिया अभी उबर भी नहीं पाई थी कि एक और दिग्गज खिलाड़ी का निधन हो गया। सेनेगल के दिग्गज फुटबॉलर पापा बाउबा (Papa Bouba Diop dies) का महज 42 वर्ष की उम्र में रविवार देर रात को निधन हो गया। रिपोर्ट के अनुसार, वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनका निधन पेरिस हुआ। बता दें कि 25 नवंबर को माराडोना का निधन हो गया था।
पापा वही फुटबॉलर हैं, जिन्होंने 2002 फीफा वर्ल्ड कप में अपने करिश्माई गोल से चैंपियन फ्रांस को स्तब्ध कर दिया था। उनके गोल की मदद से ही फुटबॉल की रैंकिंग में काफी पीछे रहने वाली सेनेगल ने फ्रांस जैसी दिग्गज टीम को 1-0 से हराते हुए इतिहास रच दिया था। उस मैच में पापा के प्रदर्शन ने सभी को हैरान कर दिया था। यह वर्ल्ड कप का पहला ही मैच था।
28 जनवरी 1978 को डकार में जन्मे इस फुटबॉलर ने अपने करियर में फुल्हम, वेस्ट हम युनाइटेड और बर्मिंगम सिटी जैसे बड़े फुटबॉल क्लबों की ओर से खेला। उन्होंने अपने प्रफेशनल करियर में 261 मैच खेले और 26 गोल दागे। इंटरनैशनल करियर की बात करें तो उनके नाम 63 मैचों में 11 गोल हैं।
दिग्गज फुटबॉलर के निधन से दुनियाभर के खिलाड़ी शोक में हैं। इंग्लैंड के पूर्व मिडफील्डर क्रिस कामरा समेत तमाम लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है। उनके क्लबों ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी है।
Home / Sports / माराडोना के बाद ‘वर्ल्ड कप हीरो’ पापा बाउबा का निधन, महज 42 वर्ष की उम्र में दुनिया छोड़ गया फुटबॉलर
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website