
रूस के राष्ट्रपति ने चेतावनी दी कि यूक्रेन को जिन देशों ने अपनी मिसाइल रूस के खिलाफ दागने की अनुमति दी है, उनके विरूद्ध मॉस्को अपनी नयी मिसाइलों का इस्तेमाल कर सकता है। रूसी राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि यूक्रेन में चल रहा संघर्ष अब वैश्विक प्रकृति अपना चुका है।
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अब अमेरिका और ब्रिटेन की सैन्य सुविधाओं को निशाना बनाने की धमकी दी है। रूसी राष्ट्रपति की धमकी यूक्रेन की तरफ से अमेरिकी और ब्रिटिश मिसाइलों को रूस के अंदर दागे जाने के बाद आई है। टेलीविजन पर अपने संबोधन के दौरान पुतिन ने पश्चिमी देशों के खिलाफ सीधे हमले की धमकी दी है। पुतिन ने कहा कि उनके देश ने बृहस्पतिवार को यूक्रेन पर हमले में मध्यवर्ती रेंज की एक नई मिसाइल का परीक्षण किया।
पुतिन ने कहा कि यूक्रेन के एटीएसीएमएस और स्टॉर्म शैडो मिसाइलों के प्रयोग के जवाब में ब्रिटेन और अमेरिका के अंदर स्थित सैन्य सुविधाएं रूसी सेना के लिए वैध लक्ष्य बन सकती हैं। हालांकि, उन्होंने इन देशों का सीधा नाम नहीं लिया। उन्होंने कहा, ‘रूस खुद को उन देशों की सैन्य सुविधाओं के खिलाफ हथियारों का उपयोग करने का हकदार मानता है, जो रूस के खिलाफ अपने हथियारों के इस्तेमाल की अनुमति देते हैं।’ रूसी राष्ट्रपति ने कहा, यूक्रेन में पश्चिम के भड़काए गए युद्ध ने वैश्विक प्रकृति के तत्व अपना लिए हैं।
रूस ने किया नई मिसाइल का परीक्षण – इसी संबोधन के दौरान पुतिन ने घोषणा की कि रूसी सेना ने यूक्रेन पर हमले में मध्यम दूरी की नई मिसाइल का परीक्षण किया है। उन्होंने कहा, ‘अन्य चीजों के अलावा, नवीनतम रूसी मध्यम दूरी की मिसाइल प्रणालियों में से एक का परीक्षण किया गया।’ पुतिन ने संकेत दिया कि यह मिसाइल परमाणु हमला करने में सक्षम है। मध्यम दूरी की मिसाइलों की पहुंच आमतौर पर 5500 किलोमीटर तक होती है, जो पुतिन की पश्चिम पर हमला करने की धमकी को पूरी करने के लिए काफी है।
पुतिन ने बताया कि गुरुवार 21 नवम्बर को रूसी सेना ने यूक्रेन के सैन्य औद्योगिक परिसर की सुविधाओं में से एक पर संयुक्त हमला किया। उन्होंने कहा कि बृहस्पतिवार को यूक्रेन पर किया गया रूसी हमला, इस हफ्ते की शुरूआत में अमेरिकी और ब्रिटिश मिसाइलों से रूसी क्षेत्र पर किये गए यूक्रेन के हमलों के जवाब में किया गया।
Home / Entertainment / Bollywood / अमेरिका और ब्रिटेन के खिलाफ कर सकते हैं हमला… यूक्रेन पर मिसाइल हमले के बाद बोले पुतिन, क्या होने जा रहा महायुद्ध?
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website