Friday , April 3 2026 2:59 AM
Home / News / सुधा सिंह ने तीसरे दिन दिलाया भारत को सातवां गोल्ड

सुधा सिंह ने तीसरे दिन दिलाया भारत को सातवां गोल्ड

22वीं एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप, भुवनेश्वर

8 जुलाई- भुवनेश्वर से विवेक शर्मा

भुवनेश्वर  में चल रही 22वीं एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत का दबदबा तीसरे दिन  भी कायम रहा। हालांकि भारतीय दल शुक्रवार को सिर्फ एक गोल्ड मैडल ही अपने नाम कर पाया। महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेस में भारत की सुधा सिंह ने स्वर्ण पदक हासिल किया। सुधा ने 9 मिनट 59.47 सैकंड का समय लेते हुए गोल्ड मैडल पर कब्जा जमाया। रेस के बाद सुधा ने कहा कि ”ये रेस काफी धीमी थी इसलिए मैंने अपनी रफ्तार तेज की और सबके आगे निकल गई।“  एशियन एथलेटिक्स के स्वर्ण की बदौलत सुधा सिंह अगले महीने लंदन में होने वाली वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

 

 

इसके अलावा महिलाओं की 400 मीटर बाधा दौड़ में भारत की अनुरानी ने 57.22 सैकंड का समय लेते हुए रजत पदक जीता। वहीं पुरुषों की 400 मीटर बाधा दौड़ मे जबीर एमपी ने 50.22 सैकंड का समय निकालते हुए भारत को कांस्य पदक दिलाया। वहीं महिलाओं की ट्रिपल जंप में भारत की शीना एनवी ने 13.42 मीटर लंबी लांग लगाकर कांस्य पदक जीता।

 

 

 

पुरुषों की 3000 मीटर स्टेपल चेस फाइनल में भारत को निराशा ही हाथ लगी। रेस खत्म होने के बाद भारत के नवीन कुमार ने कहा कि “यहां उमस काफी है और मौसम भी बदला हुआ है, इससे प्रदर्शऩ पर असर पड़ता है।“ दिन के आखिरी ईवेंट में भारतीय महिला की चौकड़ी ने 4 गुणा 100 मीटर रिले में अपने देश को कांस्य पदक दिलवाया। मर्लिन जोसेफ, हिमाश्री रॉय,    शरबनी नंदा औऱ दुती चंद ने 44.57 सैकंड के समय निकालते हुए तीसरे स्थान पर रहीं। तीसरे दिन के अंत तक भारत पदक तालिका में पहले स्थान पर बना हुआ है। भारत ने अब तक 7 गोल्ड, 4 सिल्वर और 9 कांस्य पदक सहित कुल 20 पदक अपने नाम कर लिए हैं।   इसके बाद चीन 15 पदकों के साथ दूसरे और ईरान 5 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर है।