Friday , December 26 2025 3:01 AM
Home / News / मिस्र में बस नहर में गिरने से 21 यात्रियों की मौत, स्टीयरिंग व्हील फेल होने से हुआ हादसा

मिस्र में बस नहर में गिरने से 21 यात्रियों की मौत, स्टीयरिंग व्हील फेल होने से हुआ हादसा


मिस्र में एक बड़ा बस हादसा देखने को मिला है। यहां यात्रियों से भरी एक बस नहर में गिर गई, जिसके कारण कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई। बस में सवार बाकी लोग घायल हो गए। इस बस में लगभग 35 लोग यात्रा कर रहे थे। देश के स्वास्थ्य मंत्रालय ने मौतों की पुष्टि की है। सरकारी बयान में कहा गया है कि मिस्र के नील नदी के डेल्टा क्षेत्र में यह हादसा हुआ है। स्वास्थय मंत्रालय से जुड़े अधिकारी शरीफ मकीन ने कहा कि मृतकों में बच्चे भी शामिल थे। बस हादसे की तस्वीरें आई हैं, जिसमें दिख रहा है कि बस का रंग लाल है।
मंत्रालय ने कहा है कि देश की राजधानी काहिरा से लगभग 100 किमी दूर उत्तर-पूर्व में दकाहलिया प्रांत में ये हादसा हुआ है। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और मेडिकल स्टाफ पहुंचा। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बस को क्रेन के जरिए पानी से निकाला गया है। मिस्र के मीडिया आटलेट के मुताबिक हादसा खराब स्टीयरिंग व्हील के कारण हुआ है।
मिस्र में सड़क हादसे आम बात हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि यहां सड़कें बेहद खराब हैं और नियमों का उल्लंघन बहुत ज्यादा होता है। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक 2021 में मिस्र में सड़क हादसे में लगभग 7 हजार लोगों की मौत हुई थी। जुलाई महीने में मिस्र में एक बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई थी। इस हादसे में 25 लोगों की मौत हो गई थी और लगभग 35 लोग घायल हुए थे।