Tuesday , February 10 2026 11:09 AM
Home / Sports / 400 मी. हर्डल्स में सिडनी ने तोड़ा खुद का वर्ल्ड रिकॉर्ड

400 मी. हर्डल्स में सिडनी ने तोड़ा खुद का वर्ल्ड रिकॉर्ड

टोक्यो के ओलंपिक स्टेडियम में मानो वर्ल्ड रिकॉर्ड बरस रहे हैं। शीर्ष वरीयता प्राप्त एथलीटों को फास्ट ट्रैक का पूरा फायदा मिल रहा है और वे खेल प्रेमियों की उम्मीदों पर खरा भी उतर रहे हैं। 400 मीटर हर्डल्स का वर्ल्ड रिकार्ड टूटने की आशाएं सभी ने जानकारों ने बांधीं थीं वो आशाएं सच भी साबित हुईं। एथलेटिक्स मुकाबलो के छठे दिन, सुबह का सत्र एक बार फिर नया रिकार्ड लेकर आया । टोक्यो के एथलेटिक्स ट्रैक पर अब तक तीन नए वर्ल्ड रिकार्ड बन चुके हैं और तीनों ही सुबह के सत्र में आए।

 अमेरिका की धाविका सिडनी मैक्लॉक्लिन ने 51.46 सैकंड में 400 मीटर हर्डल्स की रेस पूरी कर स्वर्ण पदक हासिल किया और अपना ही बनाया हुआ वर्ल्ड रिकार्ड तोड़ते हुए नया वर्ल्ड रिकार्ड भी रचा। वहीं अमेरिका की ही दलाइला मोहम्मद ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 51.58 सैकंड में रेस पूरी की और रजत पदक की हकदार बनी। जबकि तीसरा स्थान नीदरलैंड की फेम्के बोल रहीं जिन्होंने 52.03 सैकंड का समय लिया। ये रेस इतनी फास्ट थी कि 8 में से पांच एथलीटों ने अपना पर्सनल बेस्ट टाइमिंग निकाला।

रेस के दौरान 10 वें हर्डल तक दलाइला आगे चल रही थी लेकिन आखिरी कुछ दूरी में सिडनी ने दलाइला को पीछे छोड़ते हुए ना केवल स्वर्ण पदक जीता बल्कि नया वर्ल्ड रिकार्ड भी बनाया। दोनों ही खिलाड़ियों की स्पीड इतनी तेज थी कि दलाइला भी उस वर्ल्ड रिकार्ड समय को पीछे छोड़ने में कामयाब रही जो सिडनी ने जून में बनाया था। इसी साल जून में हुए अमेरिकी ट्रायल्स के दौरान सिडनी ने 51.90 सैकंड का समय लेते हुए नया वर्ल्ड रिकार्ड बनाया था। उस वक्त भी सिडनी ने दलाइला मोहम्मद का वर्ल्ड रिकार्ड तोड़ा था। यानी पिछले दो महीनों के दौरान सिडनी मैक्लॉक्लिन ने दो वर्ल्ड रिकार्ड रच दिए हैं।

2019 में दोहा में वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप के दौरान दलाइला ने 52.16 सैकंड का समय लेकर ना केवल पहला स्थान हासिल किया था बल्कि वर्ल्ड रिकार्ड भी बनाया था। दलाइला भी दो बार 400 मीटर हर्डल्स का वर्ल्ड रिकार्ड स्थापित कर चुकी हैं।

सिडनी मैक्लॉक्लिन और दलाइला की तुलना करें तो, उम्र फिलहाल सिडनी के साथ हैं। 21 साल की सिडनी दोहा की वर्ल्ड चैंपियनशिप में दूसरे स्थान पर रही थी जबकि रियो ओंलपिक खेलों में सिर्फ सेमीफाइनल तक ही पहुंच पाई थीं। जबकि दलाइला 31 साल की हैं और अपने करियर के आखिरी पड़ाव पर हैं। 400 मीटर हर्डल्स में रियो ओलंपिक का गोल्ड मैडल जीतने वाली दलाइला वर्ल्ड चैंपियनशिप में भी दो गोल्ड और दो सिल्वर मैडल जीत चुकी हैं।

खेल प्रेमियों को ये दोनों ही खिलाड़ी एक बार फिर महिलाओं की 4 गुणा 400 मीटर रिले रेस में एक्शन में दिखेंगी और मौजूदा फार्म इस बात की तरफ इशारा कर रहा है कि दोनों ही खिलाड़ियों को एक और पदक मिलना तय है। ओलंपिक खेलों में महिलाओं और पुरुषों की 4 गुणा 400 मीटर रिले रेस ट्रैक मुकाबले की हमेशा अंतिम रेस होती है जो कि 7 अगस्त शनिवार को भारतीय समय के मुताबिक शाम छह बजे होगी।

लेख : विवेक शर्मा