Friday , December 26 2025 2:16 PM
Home / News / नींद से जगाया, एक जगह इकट्ठा किया और काट डाला… इस देश में गंडासे और कुदाल से 52 लोगों की हत्या

नींद से जगाया, एक जगह इकट्ठा किया और काट डाला… इस देश में गंडासे और कुदाल से 52 लोगों की हत्या


हिंसा से जूझ रहे अफ्रीकी देश कांगों में विद्रोहियों ने कोहराम मचा दिया है। इस देश में इस्लामिक स्टेट समर्थित विद्रोहियों ने 52 लोगों की कुदाल और गंडासे से काटकर हत्या कर दी। इनमें से अधिकतर लोगों की हत्या उनके घरों के सामने की गई।
अफ्रीकी देश कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य में हालात बेकाबू होते जा रहे हैं। इस देश के पूर्वी भाग में स्थित बेनी और लुबेरो इलाकों में गंडासे और कुदाल से लैस इस्लामिक स्टेट समर्थित विद्रोहियों ने कम से कम 52 नागरिकों की हत्या कर दी है। क्षेत्रीय कांगो सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट एलोंगो क्योंडवा मार्क ने बताया कि एलाइड डेमोक्रेटिक फोर्सेज (ADF) के विद्रोही कांगो सेना से मिली हार का बदला ले रहे थे। कांगो लंबे समय से हिंसा से जूझ रहा है। उसका आरोप है कि पड़ोसी रवांडा समर्थित विद्रोही उनके देश में कत्लेआम कर रहे हैं।
गंडासे और कुदाल से लोगों पर हमला – लुबेरो के बापेरे सेक्टर के प्रमुख मैकेयर सिविकुनुला ने बताया, “जब विद्रोही पहुंचे, तो उन्होंने पहले निवासियों को जगाया, उन्हें एक जगह इकट्ठा किया, रस्सियों से बांधा और फिर गंडासे और कुदाल से उनका कत्लेआम शुरू कर दिया।” लुबेरो क्षेत्र के सैन्य प्रशासक एलेन किवेवे ने कहा कि अकेले मेलिया गांव में ही लगभग 30 नागरिक मारे गए। उन्होंने कहा, “पीड़ितों में बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं, जिनका गला उनके घरों में रेत दिया गया और कई घरों में आग लगा दी गई।”
संयुक्त राष्ट्र ने की घटना की निंदा – कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य में संयुक्त राष्ट्र संगठन स्थिरीकरण मिशन (MONUSCO) के प्रवक्ता ने सोमवार को कहा कि मिशन ने 9 से 16 अगस्त के बीच ADF द्वारा किए गए हमलों की “कड़े शब्दों में” निंदा की है। प्रवक्ता ने कहा कि हमलों में कम से कम 52 नागरिक मारे गए, जिनमें आठ महिलाएं और दो बच्चे शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इलाके में तलाशी अभियान जारी रहने के कारण मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।