Wednesday , November 19 2025 4:34 AM
Home / Uncategorized / जितना दबाव डालेंगे उतना ही… राजनाथ सिंह ने टैरिफ पर अमेरिका को खरी-खरी के साथ चीन पर भी दे दिया जवाब

जितना दबाव डालेंगे उतना ही… राजनाथ सिंह ने टैरिफ पर अमेरिका को खरी-खरी के साथ चीन पर भी दे दिया जवाब


रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने टैरिफ वॉर के बीच अमेरिका को संकेत देते हुए कहा कि भारत के लिए अपने नागरिकों का हित सर्वोपरि है। उन्होंने चीन के साथ बढ़ती नजदीकियों पर स्पष्ट किया कि अंतर्राष्ट्रीय संबंधों में कोई स्थायी मित्र या दुश्मन नहीं होता, बल्कि अपना हित सबसे ऊपर होता है।
ट्रंप प्रशासन की तरफ से टैरिफ वॉर के बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अमेरिका को परोक्ष रूप से संदेश दिया है। साथ ही राजनाथ ने चीन के साथ बढ़ती नजदीकियों पर भी स्थिति साफ कर दी। राजनाथ सिंह ने साफ किया कि अंतरारष्ट्रीय संबंधों में कोई स्थायी मित्र या स्थायी दुश्मन नहीं होता। उन्होंने कहा कि अपना हित सर्वोपरि होता है। ऐसे में हमारी किसी भी देश से दुश्मनी नहीं हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ तनाव के बीच, राजनाथ सिंह ने कहा है कि भारतीय नागरिकों का हित मोदी सरकार के लिए ‘सर्वोपरि’ है।
अपने नागरिकों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता – राजनाथ सिंह ने कहा भारत किसी को अपना दुश्मन नहीं मानता। लेकिन हमारे लिए, हमारे लोगों, हमारे किसानों, हमारे छोटे व्यापारियों का हित सर्वोपरि है। हम किसी भी कीमत पर अपने देश के कल्याण से समझौता नहीं कर सकते। चाहे कितना भी दबाव डाला जाए, भारत अपने किसानों, छोटे व्यापारियों, दुकानदारों, पशुपालकों और आम नागरिकों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देता रहेगा।
हम सब भू-विज्ञान में पढ़ते हैं कि जितना दबाव पड़ता है, उतनी ही चट्टान मजबूत होती जाती है। मुझे लगता है कि भारत पर जितना दबाव डाला जाएगा, भारत उतने ही मजबूत चट्टान के रूप में निखरकर सामने आएगा।
राजनाथ सिंह, एक टीवी कार्यक्रम समिट के दौरान –
राजनाथ सिंह ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार का हमेशा से मानना रहा है कि केवल आत्मनिर्भर भारत के माध्यम से ही हम अपनी रणनीतिक स्वायत्तता को मजबूत कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यही दृष्टिकोण हमें आने वाले समय में सुरक्षित रखेगा और दुनिया की उभरती शक्तियों के बीच एक अग्रणी स्थान भी दिलाएगा।
अर्थव्यवस्था, सुरक्षा के लिए आत्मनिर्भरता अहम – राजनाथ सिंह ने कहा है कि आज दुनिया इतनी तेज़ी से बदल रही है कि हमारे सामने हर दिन नई चुनौतियां उभर रही हैं। उन्होंने कहा कि चाहे महामारी हो, आतंकवाद हो या क्षेत्रीय संघर्ष, यह सदी अब तक हर मोर्चे पर सबसे अस्थिर और चुनौतीपूर्ण साबित हुई है। ऐसे में अगर हम आज की रणनीतिक आवश्यकताओं की बात करें तो यह स्पष्ट हो जाता है कि आज के समय में आत्मनिर्भरता कोई विकल्प नहीं है।
उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भरता केवल एक लाभ नहीं बल्कि एक आवश्यकता बन गई है। उन्होंने कहा कि पहले हम इसे एक विशेषाधिकार के रूप में देखते थे, लेकिन आज यह अस्तित्व और प्रगति के लिए एक शर्त है। सिंह ने कहा है कि भारत की अर्थव्यवस्था और सुरक्षा के लिए ‘आत्मनिर्भरता’ आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आज की बदलती भू-राजनीति ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि रक्षा के क्षेत्र में बाहरी निर्भरता अब हमारे लिए कोई विकल्प नहीं है। मौजूदा हालात में, आत्मनिर्भरता हमारी अर्थव्यवस्था और हमारी सुरक्षा, दोनों के लिए जरूरी है।