Wednesday , February 11 2026 1:30 PM
Home / Uncategorized / पाकिस्तान की ऐसी हरकत! क्रिकेट में असीम मुनीर की एंट्री, नकवी बोले- फील्ड मार्शल भारत और ICC से नहीं डरते

पाकिस्तान की ऐसी हरकत! क्रिकेट में असीम मुनीर की एंट्री, नकवी बोले- फील्ड मार्शल भारत और ICC से नहीं डरते


पाकिस्तान के 15 फरवरी को भारत के खिलाफ T20 वर्ल्ड कप मैच खेलने के लिए राजी होने से कुछ घंटे पहले एक नई खिचड़ी पकी है। दरअसल पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चीफ मोहसिन नकवी ने फील्ड मार्शल असीम मुनीर का जिक्र करके एक और बवाल खड़ा कर दिया। उन्होंने कहा कि न तो वह और न ही उनकी सरकार भारत और ICC से मिलने वाली ‘धमकियों’ से डरी हुई है।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड आखिरकार हफ्तों के ड्रामे, बॉयकॉट की धमकियों और पाकिस्तान सरकार, ICC और कई क्रिकेट बोर्ड के बीच बातचीत के बाद सोमवार को मैच खेलने के लिए राजी हो गया। मोहसिन नकवी पाकिस्तान के होम मिनिस्टर भी हैं। उन्होंने मिलिट्री लीडरशिप को बातचीत में शामिल किया। विश्लेषकों का मानना है कि यह कदम क्रिकेट विवाद को सिविल-मिलिट्री सिग्नल में बदलने की कोशिश है।
पाकिस्तान सुपर लीग की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान, नकवी ने कहा कि पाकिस्तान मजबूती से खड़ा है और दबाव से नहीं डरता। नकवी ने कहा, ‘न तो मैं भारत और ICC की धमकियों से डरता हूं, न ही पाकिस्तान सरकार, और जहां तक फील्ड मार्शल सैयद असीम मुनीर की बात है, आप उनके बारे में पहले से ही जानते हैं, वह कभी नहीं डरते।’
नकवी ने असीम मुनीर का नाम क्यों लिया? – फील्ड मार्शल असीम मुनीर पाकिस्तान के हाल के इतिहास में एक प्रमुख सैन्य हस्ती हैं। मई 2025 में ऑपरेशन सिंदूर – पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकी ठिकानों के खिलाफ भारत के हमलों के बाद इस्लामाबाद की कैबिनेट ने जनरल मुनीर को फील्ड मार्शल के पद पर प्रमोट किया। यह पदोन्नति पाकिस्तान के संघर्ष के अपने आकलन के बाद हुई, जिसे इस्लामाबाद ने अपने रक्षा संकल्प का टेस्ट बताया।
समझिए पूरा मामला – बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने आईसीसी से अपने मुकाबले भारत के बजाय किसी अन्य वेन्यू पर शिफ्ट करने की अपील की थी, लेकिन आईसीसी ने बीसीबी की अपील को ठुकरा दिया, जिसके बाद बांग्लादेश के स्थान पर स्कॉटलैंड को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शामिल किया गया।
इसके बाद पाकिस्तान सरकार ने पहले टीम से कहा था कि भारत के खिलाफ मैच न खेले, ताकि बांग्लादेश को समर्थन दिखाया जा सके, लेकिन आईसीसी द्वारा भारत मैच का बहिष्कार करने की पाकिस्तान की धमकी पर कड़ा रुख अपनाने और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) और श्रीलंका सरकार की ओर से पाकिस्तान से अपने फैसले पर फिर से विचार करने के अनुरोध के बाद, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने पाकिस्तान पुरुष टीम को मैच खेलने की इजाजत दे दी है।
पाकिस्तान सरकार ने कहा कि उसने बांग्लादेश और श्रीलंका के अनुरोधों के कारण अपनी टीम को 15 फरवरी का मैच खेलने की अनुमति दी है।पाकिस्तान सरकार ने कहा, ‘पाकिस्तान सरकार ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड द्वारा पीसीबी को भेजे गए औपचारिक अनुरोधों के साथ-साथ श्रीलंका, संयुक्त अरब अमीरात और अन्य सदस्य देशों के समर्थन संदेशों की समीक्षा की है। इन संदेशों में हाल की चुनौतियों का एक समाधान खोजने में पाकिस्तान के नेतृत्व की मांग की गई थी।’
बयान में कहा गया है, ‘रविवार शाम, प्रधानमंत्री ने श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके से टेलीफोन पर बात की। अपनी गर्मजोशी भरी और मैत्रीपूर्ण बातचीत के दौरान, उन्होंने याद किया कि पाकिस्तान और श्रीलंका हमेशा कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहे हैं, खासकर चुनौतीपूर्ण समय में। श्रीलंका के राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री से मौजूदा गतिरोध को सौहार्दपूर्ण ढंग से हल करने पर गंभीरता से विचार करने का अनुरोध किया।’
सोमवार रात को पाकिस्तान सरकार की ओर से जारी एक बयान में कहा गया, ‘बहुपक्षीय चर्चा के नतीजों और मित्र देशों के अनुरोध को देखते हुए, पाकिस्तान सरकार पाकिस्तान नेशनल क्रिकेट टीम को आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप में अपने तय मैच के लिए 15 फरवरी 2026 को मैदान में उतरने का निर्देश देती है।’