
लोकसभा में मंगलवार को भी पिछले कुछ दिनों की तरह ही विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण प्रश्नकाल नहीं चल सका और बैठक शुरू होने के एक मिनट के अंदर दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई। राहुल गांधी के सदन में बोलने की मांग पर विपक्ष अड़ा हुआ है। वहीं पूर्व सेना प्रमुख नरवणे की किताब को लेकर विवाद बढ़ता ही जा रहा है। नरवणे की अप्रकाशित पुस्तक के सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के मामले में दिल्ली पुलिस की एफआईआर पर नेता विपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि कोई तो झूठ बोल रहा है।
संसद के बाहर मीडिया से बात करते हुए राहुल गांधी ने पूर्व सेना प्रमुख नरवणे का ट्वीट दिखाते हुए कि कहा कि इसमें लिखा है – ‘मेरी किताब के लिंक पर क्लिक करें’। राहुल गांधी ने कहा कि मेरे कहने का तात्पर्य यह है कि या तो नरवणे झूठ बोल रहे हैं या पेंगुइन प्रकाशन झूठ बोल रहा है। मुझे नहीं लगता कि पूर्व सेना प्रमुख झूठ बोलेंगे। पेंगुइन का कहना है कि पुस्तक प्रकाशित नहीं हुई है। लेकिन पुस्तक अमेजन पर उपलब्ध है। जनरल नरवणे ने ट्वीट किया है, ‘कृपया 2023 में मेरी पुस्तक खरीदें।
वहीं दिल्ली पुलिस की ओर से दर्ज FIR के बाद पुलिस ने बयान में कहा कि जांच करने पर पता चला कि इसी शीर्षक वाली और मेसर्स पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा तैयार की गई एक टाइप की हुई किताब की पीडीएफ कॉपी कुछ वेबसाइटों पर उपलब्ध है। इसके अलावा कुछ ऑनलाइन मार्केटिंग मंचों ने तैयार पुस्तक के कवर को इस तरह प्रदर्शित किया है कि मानो वह बिक्री के लिए उपलब्ध हो।
Home / Uncategorized / अमेजन पर उपलब्ध, नरवणे की बात पर यकीन… किताब पर छिड़े विवाद के बीच राहुल गांधी ने कह दी ये बात
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website