
नई दिल्ली: भारतीय कप्तान विराट कोहली ने श्रीलंका के खिलाफ तीसरे और अंतिम क्रिकेट टेस्ट में आज यहां टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। भारत ने नागपुर में दूसरा टेस्ट जीतने वाली टीम में दो बदलाव करते हुए तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी और सलामी बल्लेबाज शिखर धवन को मौका दिया गया है जबकि तेज गेंदबाज उमेश यादव और सलामी बल्लेबाज लोकेश राहुल बाहर हुए हैं। श्रीलंका ने तीन बदलाव करते हुए लक्षण संदाकन, रोशन सिल्वा और धनंजय डिसिल्वा को टीम में शामिल किया जबकि लाहिरू थिरिमाने, दासुन शनाका और चोटिल रंगना हेराथ अंतिम एकादश से बाहर हुए।
भारत के पास है ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के रिकॉर्ड की बराबरी का मौका
भारत ने कोलकाता में पहला टेस्ट ड्रा होने के बाद नागपुर में दूसरा टेस्ट पारी और 239 रन के रिकार्ड अंतर से जीतकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। भारत यदि कोटला में तीसरे टेस्ट में भी श्रीलंका को फतह कर लेता है तो वह आस्ट्रेलिया के लगातार 9 सीरीज जीतने के विश्व रिकॉर्ड की भी बराबरी कर लेगा।
भारत का कोटला मैदान में जबर्दस्त रिकॉर्ड
विश्व की नंबर एक टेस्ट टीम भारत को कोटला मैदान में जबर्दस्त रिकॉर्ड है। उसने यहां पिछले 30 वर्षों में 11 मैचों में 10 जीते हैं और एक ड्रा खेला है। इन 30 वर्षों में दुनिया की कोई भी टीम भारत को कोटला में पराजित नहीं कर पाई है। श्रीलंका ने इस मैदान पर अपना पिछला टेस्ट 2005 में खेला था और तब उसे 188 रन की पराजय का सामना करना पड़ा था।
सीरीज 2-0 से अपने नाम करना चाहेंगा भारत
भारत का लगातार बेहतरीन प्रदर्शन, खिलाड़ियों की जबर्दस्त फार्म और कप्तान कोहली का विराट साहस टीम इंडिया को सफलता की नई ऊंचाईयों पर ले जा चुका है और अब बस इसमें एक अध्याय जोडऩा बाकी है। भारत इस मैच को जीतते ही सीरीज 2-0 से अपने नाम कर लेगा और आस्ट्रेलिया के लगातार नौ सीरीज जीतने के विश्व रिकार्ड की भी बराबरी कर लेगा।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website