Monday , February 9 2026 2:15 PM
Home / Sports / IND vs SA: जीत के लिए दक्षिण अफ्रीका को चाहिए 224 रन, भारत को 9 विकेट

IND vs SA: जीत के लिए दक्षिण अफ्रीका को चाहिए 224 रन, भारत को 9 विकेट


जोहांनिसबर्ग में चल रहा तीसरा टेस्ट रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है। चाय काल के बाद 247 रन पर सिमटी भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिए 241 रन का टारगेट दिया था। जवाब में खेलने आई दक्षिण अफ्रीका टीम की शुरुआत खराब रही। सबसे पहले तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने मार्कराम को 4 रन पर विकेटकीपर पार्थिव पटेल के हाथों कैच करवाकर दक्षिण अफ्रीका को झटका दिया। इसके बाद इलगर और हाशिम अमला ने पारी को संभाला।
तीसरे दिन की समाप्ति तक दक्षिण अफ्रीका ने 17/1 रन बना लिए थे। उसे अभी भी जीत के लिए 224 रन चाहिए और भारत को 9 विकेट। बता दें कि तीन टेस्ट मैच की सीरीज दक्षिण अफ्रीका पहले ही 2-0 से आगे हैं। ऐसे में तीसरा टेस्ट जीतकर वह भारत को क्लीन स्विप कर सकती है। वहीं भारत आखिरी टेस्ट जीतकर दौरे पर अपनी साख बचाने की कोशिश करेगा।

एलगर के सिर पर लगी बॉल, रुका मैच

इससे पहले पुछल्ले बल्लेबाजों के प्रयास से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चल रहे तीसरे टेस्ट में भारत अच्छी पोजीशन में आया। कल के 49 रन से आगे खेलने आई भारतीय टीम चाय के बाद 247 पर सिमट गई। इस तरह भारत के पास 240 रन की महत्वपूर्ण लीड हो गई। भारत को इस लीड तक पहुंचाने में विराट कोहली के बाद अजिंक्य रहाणे और अंत में भुवनेश्वर कुमार और मोहम्मद शमी का सहयोग रहा। एक समय 200 के आसपास सिमटती दिख रही भारतीय टीम को भुवनेश्वर और शमी ने पार लगाया। भुवनेश्वर ने मोर्केल की गेंद पर कुक को कैच थमाने से पहले 33 रन बनाए। जबकि मोहम्मद शमी ने भी हाथ खोलते हुए दो छक्के और एक चौके की मदद से 27 रन बनाए।

पुजारा फिर चल नहीं पाए
इससे पहले भारत ने अपनी दूसरी पारी में मैच के तीसरे दिन सुबह एक विकेट पर 49 रन से आगे खेलना शुरू किया। मुरली विजय ने 13 रन और लोकेश राहुल ने 16 रन से आगे अपनी पारी को बढ़ाया। भारत ने अपने कल के स्कोर में दो रन का ही इजाफा कर पाया था कि तेज गेंदबाज वेर्नाेन फिलेंडर ने लोकेश राहुल (16) को कप्तान फाफ डू प्लेसिस के हाथों कैच कराकर भारत को दूसरा झटका दे दिया। राहुल ने अपने कल के स्कोर में एक रन का भी इजाफा नहीं किया और 44 गेंदों पर दो चौकों की बदौलत 16 रन बनाकर आउट हो गए। राहुल के आउट होने के बाद चेतेश्वर पुजारा (1) भी मोर्न मोर्कल की गेंद पर डू प्लेसिस को कैच दे बैठे। पुजारा का विकेट 57 के स्कोर पर गिरा।

मुरली विजय ने खेली संघर्षपूर्ण पारी
ओपनर मुरली विजय भी फिर 127 गेदों पर एक चौके की मदद से 25 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेलकर कैगिसो रबादा की गेंद पर बोल्ड हो गए। विजय और विराट के बीच चौथे विकेट के लिए 43 रन की साझेदारी हुई। विजय के आउट होते ही लंच की घोषणा कर दी गई। लंच के बाद कोहली ने अजिंक्य रहाणे के साथ भारतीय पारी को आगे बढ़ाया। लेकिन वह भी 41 रन पर रबादा की गेंद पर बोल्ड हो गए।

रहाणे ने प्रभावित किया
पहले दो टेस्ट से बाहर चल रहे अजिंक्य रहाणे ने अपनी बल्लेबाजी से सभी को प्रभावित किया। उन्होंने 68 गेंद में 48 रन की पारी खेली। जिससे 6 चौके भी शामिल थे। रहाणे जब क्रीज पर थे तो लग रहा था कि भारत 300 की लीड ले लेगा। लेकिन मोर्केल के हाथों आऊट होते ही यह उम्मीदें धुंधली हो गई। क्योंकि पिछले दो टेस्ट में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हार्दिक पांडया भी महज 4 रन बनाकर रबादा की गेंद पर उन्हें ही कैच थमाकर चलते बने। इसके बाद भुवनेश्वर और शमी ने महत्वपूर्ण साझेदारी निभाई। ईशात शर्मा 7 रन बनाकर नॉट आऊट रहे।

फिलेंडर, रबादा और मोर्केल ने निकाले 3-3 विकेट
दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। तेज गेंदबाज फिलेंडर ने 21 ओवर में 5 मेडन फेंकते हुए 61 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट झटके। वहीं रबादा ने भी 23 ओवर में 69 रन देकर तीन विकेट लिए। मोर्ने मार्कोल भी अपने 21 ओवर में 47 रन देकर 3 विकेट झटकने में कामयाब रहे। नगिडी सिर्फ एक विकेट निकाल पाए।