Monday , February 9 2026 4:03 PM
Home / Sports / खिलाडिय़ों की आचार संहिता और सख्त हो सकती है, रिचर्डसन ने संकेत दिया

खिलाडिय़ों की आचार संहिता और सख्त हो सकती है, रिचर्डसन ने संकेत दिया


अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद( आईसीसी) खिलाडिय़ों की आचार संहिता का दोबारा आकलन करने को तैयार है और शीर्ष संस्था के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डेविड रिचर्डसन ने आज कहा कि इसी कड़ी में गंभीर उल्लघंन जैसे गेंद से छेड़छाड़ और छींटाकशी संबंधित सजा में जल्द ही संशोधन हो सकता है। केपटाउन में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे टेस्ट के दौरान गेंद से छेड़छाड़ करने के लिए आस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव स्मिथ और उप कप्तान डेविड वार्नर को एक साल के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया जिससे विश्व क्रिकेट में हलचल मची हुई है। इस घटना में शामिल सलामी बल्लेबाज कैमरन बैनक्रोफ्ट को नौ महीने के लिए निलंबित किया गया। इन तीनों ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है जिसमें से स्मिथ बहुत निराश लग रहे थे क्योंकि उनकी छवि को काफी नुकसान पहुंचा है।

‘सम्मान की संस्कृति’ को लागू करने में लगेगा समय
रिचर्डसन ने कहा, ‘‘ हां, मुझे पूरा भरोसा है कि काफी कम समय में हम अपनी आचार संहिता में संशोधन कर सकते हैं जिसे लागू करना आसान होगा और विशेष उल्ल्घंन में प्रतिबंध का स्तर निर्धारित करना आसान होगा। हम इसे काफी जल्दी कर सकते हैं।’’ दक्षिण अफ्रीका के इस पूर्व विकेटकीपर को हालांकि लगता है कि संशोधन थोड़े समय में किये जा सकते हैं लेकिन खिलाडिय़ों के बीच ‘सम्मान की संस्कृति’ को लागू करने की जरूरत है और इसमें समय लगेगा। उन्होंने कहा, ‘‘ मुझे लगता है कि सम्मान की संस्कृति लागू करने में लंबा समय लगेगा। यह एक रात में नहीं हो सकता। इसलिए इसमें थोड़ा ज्यादा समय लगेगा। निश्चित रूप से इस संहिता में आमूल चूल बदलाव नहीं होगा लेकिन इसमें स्पष्ट हो जाएगा कि जब हम गेंद से छेड़छाड़ की बात कर रहे हैं तो इसका क्या मतलब है और जब हम कह रहे हैं कि आप अभद्र भाषा का इस्तेमाल नहीं कर सकते तो इसका क्या मतलब है।’’

स्मिथ के अपराध का स्तर रहेगा ऊंचा
रिचर्डसन ने फिर उदाहरण पेश करते हुए कहा, ‘‘ हम कह सकते हैं कि देखिए अगर आपके पास कुछ अच्छा कहने के लिए नहीं है तो आप बिलकुल भी कुछ मत कहिए।’’ वह इस पूरे मुद्दे पर क्रिकेट आस्ट्रेलिया के रवैये से सहमत है जिसने आईसीसी को मौजूदा खिलाड़ी संहिता में सुधार की गुंजाइश देखने को प्रेरित किया। उन्होंने कहा, ‘‘ मैं जानता हूं कि क्रिकट आस्ट्रेलिया ने इस घटना को काफी व्यापक रूप से देखा है जबकि मैच अधिकारी एक विशेष मैच में गेंद से छेड़छाड़ की विशेष घटना को इतने व्यापक तौर पर नहीं देख पाए होंगे।’’ रिचर्डसन ने कहा, ‘‘ इस समय गेंद से छेड़छाड़ करना आईसीसी संहिता के अंतर्गत लेवल-2 का उल्लघंन है और इस मौजूदा संहिता में स्मिथ के अपराध का स्तर सबसे ऊंचा रहेगा जबकि बैनक्रोफ्ट को निचले स्तर की सजा मिलेगी। मैं जानता हूं कि क्रिकेट आस्ट्रेलिया ने इसकी व्यापक तौर पर समीक्षा की है। यह उनके लिए यह बड़ा मुद्दा है।’’

क्रिकेट में प्रयोग नहीं होगा लाल आैर पीला कार्ड
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद( आईसीसी) के मुख्य कार्यकारी अधिकरी डेविड रिचर्डसन ने कहा कि वह मैदान में खिलाडिय़ों के बुरे बर्ताव पर रोक लगाने के लिए फुटबाल की तर्ज पर क्रिकेट में लाल और पीला कार्ड इस्तेमाल करने के पक्ष में नहीं है। ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के कप्तान स्टीव स्मिथ, उप कप्तान डेविड वार्नर को गेंद से छेड़छाड़ प्रकरण में दोषी पाये जाने के बाद एक साल का प्रतिबंध लगा है। इस घटना के बाद आईसीसी ने खिलाडिय़ों की आचार संहिता में फिर से बदलाव करने का फैसला किया है। खेल की संरक्षक मेरिलबोन क्रिकेट क्लब( एमसीसी) ने अंपायर को पीला और लाल कार्ड देने की वकालत की थी ताकि वे मैदान पर खिलाडिय़ों के खराब बर्ताव पर रोक लगा सके। रिचर्डसन से जब इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘‘कई जगहों से सुझाव मिले है। उसमें लाल और पीले कार्ड का इस्तेमाल शामिल है। आईसीसी में भी इस मुद्दे पर काफी चर्चा हुई है। मैं इससे आश्वस्त नहीं हूं, मुझे नहीं लगता इससे मदद मिलेगी।’’