Thursday , April 2 2026 1:12 AM
Home / News / अनजान विमान की घुसपैठ के बाद सेफ हाउस पहुंचाए गए अमेरिकी राष्ट्रपति, जो बाइडेन की सुरक्षा में भारी चूक

अनजान विमान की घुसपैठ के बाद सेफ हाउस पहुंचाए गए अमेरिकी राष्ट्रपति, जो बाइडेन की सुरक्षा में भारी चूक

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन की सुरक्षा में भारी चूक का मामला सामने आया है। डेलावेयर के रेहोबोथ बीच में छुट्टियां मनाने पहुंचे बाइडेन के वेकेशन होम के ऊपर एक अनजान विमान को देखा गया। जिसके बाद सुरक्षा में लगी सीक्रेट सर्विस ने एहतियातन अमेरिकी राष्ट्रपति को सेफ हाउस पहुंचा दिया। वाइट हाउस ने बयान जारी कर पूरे मामले की पुष्टि की है। बयान में बताया गया है कि इस विमान ने वेकेशन होम के ऊपर हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया। इस कारण एहतियाती कदम उठाया गया, हालांकि इससे राष्ट्रपति या उनके परिवार को कोई खतरा नहीं था।

अनजान विमान को लड़ाकू विमानों ने घेरा : एक स्थानीय निवासी सुसान लिलार्ड ने बताया कि उन्होंने दोपहर करीब 12:45 बजे राष्ट्रपति जो बाइडेन के घर के ऊपर से एक छोटे से सफेद विमान को उड़ते हुए देखा। जिसके बाद दो लड़ाकू विमानों को शहर के ऊपर से उड़ान भरी। बताया जा रहा है कि इस विमान ने हवाई क्षेत्र का उल्लंघन करते हुए उड़ान भरी। दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति का घर हमेशा ही उड़ान निषिद्ध क्षेत्र होता है। अमेरिका की फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन अमेरिकी राष्ट्रपति की हवाई सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालती है।

सेफ हाउस पहुंचाए गए अमेरिकी राष्ट्रपति : इस घटना के तुरंत बाद जो बाइडेन का काफिला पास के एक फायर स्टेशन की ओर जाता नजर आया। यहां राष्ट्रपति और उनकी पत्नी को लेकर एक एसयूवी इमारत के अंदर चली गई और सीक्रेट सर्विस ने इलाके को खाली करना शुरू कर दिया। संभावित खतरे का आकलन करने के बाद रेहोबोथ एवेन्यू पर 20 मिनट से अधिक समय तक यातायात बंद रहा। यातायात को फिर से शुरू करने की अनुमति मिलने के बाद राष्ट्रपति के काफिले ने फिर घर का रुख किया।

पायलट से पूछताछ कर रही एजेंसियां : यूएस सीक्रेट सर्विस के प्रवक्ता एंथनी गुग्लिल्मी ने कहा, “विमान को तुरंत प्रतिबंधित हवाई क्षेत्र से बाहर निकाल लिया गया। प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि पायलट उचित रेडियो चैनल पर नहीं था। उसने NOTAMS (नोटिस टू एयरमेन) का पालन नहीं किया। पायलट ने जारी किए गए फ्लाइट गाइडेंस का पालन भी नहीं किया। अब फेडरल एझेंसी उस पायलट से पूछताछ कर रही है।