
ग्रीस के तटरक्षक बलों ने रविवार को तुर्की के मालवाहक जहाज पर फायरिंग की है। ग्रीस का दावा है कि तुर्की का यह मालवाहज जहाज उसकी जलीय सीमा में अवैध रूप से घुसने की कोशिश कर रहा था। वहीं, तुर्की ने बयान दिया है कि फायरिंग के समय उसका मालवाहक जहाज एजियन सागर के अंतरराष्ट्रीय जल क्षेत्र में मौजूद था। इस ताजा घटनाक्रम के बाद दोनों देशों में तनाव चरम पर पहुंच गया है। कुछ दिनों पहले ही ग्रीस ने एयर डिफेंस मिसाइलों से तुर्की के लड़ाकू विमानों पर निशाना साधा था। इसके भी कुछ दिन पहले नाटो के मिशन में मौजूद ग्रीस के एक लड़ाकू विमान ने तुर्की के लड़ाकू विमानों को जबरन बाहर खदेड़ दिया था। हालांकि, इन दोनों घटनाक्रम को लेकर तुर्की और ग्रीस का अपना-अपना पक्ष है।
तुर्की और ग्रीस के अलग-अलग दावे : तुर्की के तटरक्षक बल ने एक बयान में कहा कि शनिवार को तुर्की के बोजकाडा द्वीप के दक्षिण-पश्चिम में 11 समुद्री मील (20 किमी) की दूरी पर हुई गोलीबारी में कोई हताहत नहीं हुआ। इसमें कहा गया है कि दो ग्रीक जहाजों से की गई फायरिंग के बाद तुर्की ने भी अपने गश्ती पोत भेजे। इसके बाद ग्रीस की नौकाएं अपने समुद्री क्षेत्र में वापस चली गईं। ग्रीक तटरक्षक बल ने बी पुष्टि की है कि उसने लेस्बोस द्वीप से ग्रीक क्षेत्रीय जल में संदिग्ध रूप से आगे बढ़ रहे जहाज पर चेतावनी शॉट्स दागे। ग्रीस ने कहा कि इस कार्गो जहाज के कप्तान ने एक निरीक्षण की अनुमति देने से इनकार कर दिया था। जिसके बाद इस पोत को वापस तुर्की की जलीय सीमा में खदेड़ दिया गया। इस घटना के बारे में तुर्की के अधिकारियों को सूचना दी गई है।
प्रवासियों की तस्करी के लिए बदनाम है यह इलाका : यह इलाका प्रवासियों की तस्करी के लिए बदनाम है। इसी रास्ते से तुर्की से प्रवासियों को ग्रीस और इटली जैसे यूरोपीय संघ के देशों में घुसपैठ करवाने के लिए ले जाया जाता है। ऐसे में ग्रीक तटरक्षक बल नियमित रूप से संदिग्ध जहाजों की जांच करता रहता है। दोनों देश दशकों से समुद्री सीमा को लेकर विवादों में उलझे हुए हैं। पिछले दो साल में कई ऐसी घटनाएं हुई हैं, जिनके कारण तुर्की और ग्रीस में तनाव चरम पर पहुंच चुका है। हालांकि, फ्रांस और दूसरे देशों के बीच बचाव के कारण बड़ी झड़प होते-होते बची है।
तुर्की और ग्रीस में विवाद की वजह क्या है : पूर्वी भूमध्य सागर में एजियन द्वीप समूह मौजूद है। तुर्की का दावा है कि इसके द्वीपों पर उसका अधिकार है, वहीं ग्रीस का दावा है कि वह इस इलाके का असली मालिक है। दोनों देश नाटो के सहयोगी हैं। इसके बावजूद इनमें आपस में ही युद्ध का खतरा बना हुआ है। तुर्की कहता है कि इन द्वीपों पर उसका दावा सर्वमान्य है। ग्रीस और ऑस्ट्रिया में तुर्की के पूर्व राजदूत हसन गोगस ने अल जजीरा को बताया कि एजियन सागर में ग्रीस के साथ हमारे कई विवाद हैं, जैसे क्षेत्रीय जल की चौड़ाई, द्वीपों का परिसीमन, द्वीपों का असैन्यीकरण या हवाई क्षेत्र की लंबाई। ये सभी मुद्दे परस्पर रूप से एक दूसरे से जुड़े हुए हैं। ग्रीस सिर्फ द्वीपों पर तुर्की के अधिकार को नकारता है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website