Wednesday , April 1 2026 10:56 PM
Home / News / पाकिस्‍तान और अफगानिस्‍तान में तेज भूकंप, 6.8 के तीव्रता वाले झटके, रावलपिंडी से काबुल तक अफरा-तफरी

पाकिस्‍तान और अफगानिस्‍तान में तेज भूकंप, 6.8 के तीव्रता वाले झटके, रावलपिंडी से काबुल तक अफरा-तफरी


भारत के अलावा, अफगानिस्‍तान और पाकिस्‍तान में मंगलवार को भूकंप के जोरदार झटके महसूस किए गए हैं। बताया जा रहा है कि भूकंप का केंद्र हिंदूकुश पर्वतीय क्षेत्र था। पाकिस्‍तान के मौसम विभाग के अलावा अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) की तरफ से भी इस भूकंप की पुष्टि की गई है। रिक्‍टर स्‍केल पर भूकंप की तीव्रता 6.8 बताई जा रही है। पाकिस्‍तान के अखबार डॉन के मुताबिक इस्‍लामाबाद, पेशावर और लाहौर में ये झटके महसूस किए गए हैं। अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे की तरफ से बताया गया है कि भूकंप ने अफगानिस्‍तान के भी कुछ हिस्‍सों को हिला दिया। भूकंप की वजह से अभी किसी भी तरह के नुकसान की कोई जानकारी नहीं है।
30 सेकेंड तक महसूस हुए झटके – रेडियो पाकिस्तान के मुताबिक, पाकिस्‍तान मौसम विभाग के महानिदेशक (डीजी) महर साहिबजाद खान ने कहा कि इस्लामाबाद, पेशावर, लाहौर, रावलपिंडी, क्वेटा, कोहाट, लक्की मरवत, डेरा इस्माइल खान, दक्षिण वजीरिस्तान और देश के अन्य इलाकों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। डीजी के मुताबिक अब तक जान-माल के नुकसान की कोई जानकारी नहीं है। न्‍यूज एजेंसी की मानें तो प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि कम से कम 30 सेकंड भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं।