
ब्रिटेन के ग्रेवसेंड में एक व्यस्त रोड पर दौड़ रहे बच्चे को बचाने के लिए एक कार सवार महिला ने अपनी जान और कार दोनों को खतरे में डाल दिया। यदि वह ऐसा नहीं करती तो बच्चा किसी भी वाहन की चपेट में आ सकता था। एक व्यक्ति ने इस घटना का वीडियो बनाकर फेसबुक पर डाल दिया। उसके बाद महिला की तारीफ में लगातार कमेंट लिखे जा रहे हैं। बच्चा ग्रेवसेंड में हिल्ससाइड एवेन्यू से भागकर सड़क पर आया था।
घटना बीते शुक्रवार की शाम 7 बजे एक बिजी जंक्शन की है। सड़क पर दौड़ रहे इस बच्चे के साथ कोई नहीं था। वाहन आ-जा रहे थे। जब महिला बच्चे को बचा रही थी, तभी दो कारें तेज रफ्तार से सड़क पर आ चुकी थीं। यदि कुछ क्षण की देर हो जाती तो बच्चा कार की चपेट में आ जाता। महिला बच्चे को गोदी में उठाकर अपनी कार के पास ले आई और पुलिस को फोन लगाया। जब पुलिस आई तो कुछ समय बाद बच्चे के परिजन भी आ गए और अपनी गलती के लिए शर्मिंदा होने लगे, फिर महिला का शुक्रिया अदा किया।
ग्रेवसेंड पुलिस ने एक बयान में घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि बच्चे को उसकी मां के हवाले कर दिया गया है। महिला ने अपनी पहचान गुप्त रखी है। घटना एक इमारत में लगे सीसीटीवी में भी रिकॉर्ड हो गई। जिस व्यक्ति ने इस घटना का वीडियो बनाया था उसने ‘ग्रेवसेंड फेसबुक ग्रुप’ पर इसे शेयर कर दिया। इसके बाद लोग उस महिला की तारीफ में लिख रहे हैं कि मददगार को पुरस्कार मिलना चाहिए।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website