
भारतीय अमेरिकी अभिजीत बनर्जी को वर्ष 2019 के लिए अर्थशास्त्र का नोबेल पुरस्कार दिया गया है। उन्हें यह पुरस्कार फ्रांस की एस्थर डफ्लो और अमेरिका के माइकल क्रेमर के साथ संयुक्त रूप से दिया गया है। उन्हें यह पुरस्कार ‘वैश्विक स्तर पर गरीबी उन्मूलन के लिए किए गए कार्यों के लिए दिया गया। नोबेल समिति के सोमवार को जारी एक बयान में तीनों को 2019 का अर्थशास्त्र का नोबेल पुरस्कार दिए जाने की घोषणा की गई।
बयान के मुताबिक, ‘‘इस वर्ष के पुरस्कार विजेताओं का शोध वैश्विक स्तर पर गरीबी से लड़ने में हमारी क्षमता को बेहतर बनाता है। मात्र दो दशक में उनके नये प्रयोगधर्मी दृष्टिकोण ने विकास अर्थशास्त्र को पूरी तरह बदल दिया है। विकास अर्थशास्त्र वर्तमान में शोध का एक प्रमुख क्षेत्र है।
अभिजीत बनर्जी मूल रूप से भारत के पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं।
उनका जन्म 21 फरवरी 1961 को मुंबई में हुआ।
बनर्जी, 58 वर्ष, ने भारत में कलकत्ता विश्वविद्यालय और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से अपनी पढ़ाई की।
इसके बाद 1988 में उन्होंने हावर्ड विश्वविद्यालय से पीएचडी की उपाधि हासिल की।
वर्तमान में वह मैसाच्युसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में अर्थशास्त्र के फोर्ड फाउंडेशन अंतर्राष्ट्रीय प्रोफेसर हैं।
बनर्जी ने वर्ष 2003 में डुफ्लो और सेंडिल मुल्लाइनाथन के साथ मिलकर अब्दुल लतीफ जमील पावर्टी एक्शन लैब (जे-पाल) की स्थापना की।
वह प्रयोगशाला के निदेशकों में से एक हैं।
बनर्जी संयुक्तराष्ट्र महासचिव की ‘2015 के बाद के विकासत्मक एजेंडा पर विद्वान व्यक्तियों की उच्च स्तरीय समिति’ के सदस्य भी रह चुके हैं।
लगा बधाइयों का तांता
उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी तथा मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के नेता सीताराम येचुरी समेत कई नेताओं ने भारतीय मूल के नागरिक अभिजीत बनर्जी को इस वर्ष अर्थशास्त्र के लिए नोबल पुरस्कार मिलने पर बधाई दी है और कहा है कि इससे देश गौरवान्वित महसूस कर रहा है।
‘‘हमें इस बात की हार्दिक प्रसन्नता है कि इस बार भारतीय मूल के नागरिक श्री बनर्जी को यह सम्मान मिला है।’ -वेंकैया नायडू
‘‘साउथ प्वाइंट स्कूल एंड प्रेसीडेंसी कालेज कोलकाता के पूर्व छात्र अभिजीत बनर्जी को अर्थशास्त्र का नोबेल पुरस्कार मिलने पर हार्दिक बधाई। बंगालियों को देश पर गर्व है। हम आनंदित हैं।” -ममता बनर्जी
‘‘ प्रत्येक भारतीय के लिए बड़ा दिन। जानेमाने अर्थशास्त्री अभिजीत बनर्जी को नोबेल पुरस्कार मिलने पर हार्दिक बधाई। गरीबी उन्मूलन पर सबसे बड़ा प्रतिफल।” – अरविंद केजरीवाल
‘‘अभिजीत को अर्थशास्त्र के लिए नोबेल मिलने पर बधाई। अभिजीत ने न्याय योजना की संकल्पना दी जिससे देश में गरीबी खत्म होती और अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती। इसकी जगह हमारे पास आज मोदीइकोनामी है जिसने अर्थव्यवस्था को खत्म कर दिया और गरीबी को बढाया है। ” -राहुल गांधी
‘‘कोलकाता के प्रजिडेंसी कालेज से दूसरी बार अर्थशासत्र के लिए यह सम्मान मिला है।” -सीताराम येचुरी
Home / News / भारतीय मूल के अभिजीत बनर्जी, उनकी पत्नी एस्थर डफ्लो को मिला अर्थशास्त्र का नोबेल पुरस्कार
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website