Wednesday , March 4 2026 10:37 PM
Home / Sports / शानदार जीत के बाद कप्तान विराट कोहली ने इन खिलाडिय़ों की तारीफ

शानदार जीत के बाद कप्तान विराट कोहली ने इन खिलाडिय़ों की तारीफ

13
हैदराबाद। बांग्लादेश के खिलाफ भारत को लगातार 19वीं बार अपराजेय रखने वाले कप्तान विराट कोहली ने सोमवार को एकमात्र टेस्ट में 208 रन की जीत के बाद कहा कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ महत्वपूर्ण घरेलू सीरीज से पहले मिले इस परिणाम से टीम को फायदा होगा और उसका ऊंचा मनोबल बना रहेगा।

भारतीय जमीन पर पहली बार टेस्ट खेलने आई बांग्लादेश की टीम को भारत ने मैच के आखिरी दिन 208 रन से हराया। विराट की कप्तानी में यह भारत की लगातार छठी सीरीज जीत है और टीम लगातार 19 मैचों में अपराजेय भी बनी हुई है। बांग्लादेश के खिलाफ विराट ने मैच में अहम भूमिका भी निभाई और भारत की पहली पारी में 204 रन की दोहरी शतकीय पारी खेली जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।

विराट ने मैच के बाद कहा कि निश्चित ही यह पिच बल्लेबाजी के लिहाज से अहम विकेट था और यहां टॉस जीतना भी अहम रहा। हमने बोर्ड पर काफी बड़ा स्कोर भी बनाया जो मददगार रहा। बांग्लादेश ने भी पहली पारी में अच्छी बल्लेबाजी की। लेकिन हमारी टीम ने ओवरऑल अच्छा खेल दिखाया। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बड़ी सीरीज से पहले हमारे लिए यह जीत अहम है।

उन्होंने कहा कि हमारे गेंदबाज बहुत अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं और उन्हें पता है कि बल्लेबाजों को कैसे आउट करना है। हमारी टीम की यही खासियत है। हम किसी भी स्थिति में अति उत्साहित होकर नहीं खेलते हैं।

विराट ने गेंदबाजों की तारीफ
खिलाडिय़ों खासतौर पर गेंदबाजों की प्रशंसा करते हुए विराट ने कहा कि इशांत का ओवर भी कमाल का रहा। सॉफ्ट गेंद के साथ रिवर्स स्विंग कराना खास है। इसके अलावा हमारी टीम में दो विश्व स्तरीय स्पिनर हैं। ऐसे में आप अपने तेज गेंदबाजों को आक्रमण करने के लिए कह सकते हैं। उनके और स्पिनरों के बीच की साझेदारी बहुत ही महत्वपूर्ण रही।

‘बल्लेबाजी को लेकर भी संतुष्ट हूं’
28 वर्षीय बल्लेबाज ने कहा कि मैं हर मैच में आक्रामक होकर खेलने के लिए उतरता हूं लेकिन ज्यादा आक्रामक नहीं। मैं इस समय अपनी बल्लेबाजी को लेकर भी संतुष्ट हूं। मेरा मानना है कि इस सत्र में इंग्लैंड के खिलाफ हमारी सीरीज सबसे अहम थी। लेकिन 4-0 से उसे जीतना कुछ अलग ही था और हम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी यही करना चाहते हैं।

विराट ने कहा कि सभी खिलाड़ी अपने दिल और दिमाग से खेल रहे हैं। मैच में प्रशंसकों का समर्थन भी बहुत अहम रहा। पांचों दिन हमें खूब समर्थन मिला। अब बहुत सारे लोग हैं जो टेस्ट क्रिकेट देखने के लिए आते हैं। वे हमें यहां खेलते हुए देखने आ रहे हैं और हम उनका मनोरंजन करने की कोशिश करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *