Wednesday , November 19 2025 12:45 AM
Home / Uncategorized / अमेरिका ने भारत की तरफ मोड़ा हथियारों का मुंह! रूस की दोस्ती अब छूट गई पीछे

अमेरिका ने भारत की तरफ मोड़ा हथियारों का मुंह! रूस की दोस्ती अब छूट गई पीछे


भारत भले ही रूस पर ज्यादा भरोसा करता हो और रूस भरोसेमंद दोस्त भी साबित होता रहा हो, मगर हकीकत ये है कि भारत की पीठ में छुरा भोंकने वाला अमेरिका ही हमारा बड़ा सैन्य पार्टनर बनता जा रहा है। भारत पर 50 फीसदी भारी-भरकम सख्त टैरिफ लगाने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बीते 1 सितंबर को सरेआम एक झूठ बोला था। उन्होंने भारत से ‘एकतरफा संबंधों’ पर सवाल उठाया था। ट्रंप ने कहा था कि भारत अपना ज्यादातर तेल और सैन्य हथियार रूस से खरीदता है और रूस के मुकाबले अमेरिका से बहुत कम ये चीजें खरीदता है। तथ्य इसके उलट है। अब नया भारत अमेरिका से एडवांस मिलिट्री डील कर रहा है। इस बात को समझते हैं।
अमेरिका से सैन्य हथियार मंगा रहा भारत – इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के अनुसार, 2008 से पहले भारत-अमेरिका हथियारों की बिक्री केवल 23.3 करोड़ डॉलर की थी। इसमें कुछ काउंटर बैटरी रडार और एक सेकेंडहैंड युद्धपोत भी शामिल था। 2008 से भारत ने अमेरिका से 24 अरब डॉलर मूल्य का सैन्य हार्डवेयर खरीदा है। जेट इंजन, ड्रोन, तोपखाने के गोले, बख्तरबंद वाहन, टैंक-रोधी मिसाइल और टॉरपीडो के लिए अनुमानित 5 अरब डॉलर के हथियार सौदे पाइपलाइन में हैं और आगे चलकर संभावित रूप से अरबों डॉलर के हथियारों की बिक्री होगी। अमेरिका अब भारत का दूसरा सबसे बड़ा सैन्य आपूर्तिकर्ता है, जो रूसी संघ के ठीक पीछे है। यह एक बड़ी उपलब्धि है।
अमेरिका ने इंजन देने में कर दी थी देरी – 2025 में ट्रंप के टैरिफ युद्ध के कारण भारत-अमेरिका संबंध 1998 के पोखरण-2 परमाणु परीक्षणों के बाद से अपने सबसे निचले स्तर पर हैं। परमाणु परीक्षणों के बाद अमेरिका द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों ने भारत के सी किंग और सी हैरियर जेट विमानों के बेड़े के लिए आपूर्ति में देरी कर दीं। वहीं, एलसीए तेजस हल्के लड़ाकू विमानों के लिए इंजन देने में भी देरी कर दी। भारत के रक्षा मंत्रालय ने एक रिपोर्ट का खंडन किया जिसमें कहा गया था कि भारत ने अमेरिका के साथ हथियारों के सौदे रोक दिए हैं। हथियारों की पाइपलाइन अभी भी सक्रिय है। रिपोर्ट को ‘झूठा और मनगढ़ंत’ बताते हुए, रक्षा मंत्रालय ने कहा कि अमेरिकी टैरिफ के बावजूद अमेरिका से खरीद जारी है।