
न्यूयॉर्क: भारी बर्फबारी और कड़ाके की ठंड के साथ ‘बॉम्ब साइक्लोन’ ने अमरीका के पूर्वी तट पर भारी तबाही मचा रखी है। सड़कों पर जमी बर्फ के कारण वाहन आपस में टकरा रहे हैं। दक्षिणपूर्वी राज्यों उत्तर तथा दक्षिण कैरोलिना में कई लोगों की मौत हो गई।
नैशनल वैदर सर्विस ने बताया कि बहुत कम तापमान और ठंडी हवाएं सप्ताहांत पर भी अमरीका के पूर्वी हिस्से में कहर बरपाएंगी। अमरीका के बड़े हिस्से में बेहद ठंडी हवाएं चल रही हैं जिनकी वजह से हजारों उड़ानें रद्द करनी पड़ीं और कई स्थानों पर स्कूल बंद कर दिए गए हैं।
वहीं न्यू हैम्पशायर की माऊंट वॉशिंगटन ऑब्जर्वेटरी के वैज्ञानिक टेलर रीगन ने बताया कि कुछ दिन पहले मंगल ग्रह का तापमान -16 डिग्री सैल्सियस था। इस सप्ताह के अंत में अमरीका के कुछ हिस्सों में तापमान इससे भी कम हो सकता है यानी यह मंगल ग्रह से भी ज्यादा ठंडा हो जाएगा। वैज्ञानिक के मुताबिक, इन हिस्सों में तापमान -35 डिग्री से भी कम हो सकता है।
क्या है ‘बॉम्ब साइक्लोन’
जब किसी तूफान का बायोमैट्रिक प्रैशर 24 घंटे के अंदर 24 मिलीबार से कम हो जाता है तो उसे ‘बॉम्ब चक्रवात’ या फिर बॉम्बोजेनेसिस कहा जाता है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website