
वॉशिंगटनः अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन की बेटी पैटी डेविस ने अपने एक लेख में खुलासा किया कि वह भी दुष्कर्म का शिकार हुई थीं। डेविस ने लेख में बताया कि 40 साल पहले एक संगीतकार ने उनके साथ दुष्कर्म किया था। हालांकि, उन्होंने संगीतकार का नाम उजागर नहीं किया। द वॉशिंगटन पोस्ट में पैटी डेविस ने लिखा कि 40 साल पहले एक जाने-माने संगीतकार ने उन्हें देर शाम मिलने के लिए अपने ऑफिस बुलाया था।
वह उससे मिलने के लिए बेहद उत्साहित थीं, लेकिन उन्हें पता नहीं था कि वह उनके साथ जबरदस्ती करेगा। डेविस ने लिखा कि इस घटना के बाद वह बहुत दुखी हुई थीं। इतने साल बीत जाने पर भी उन्होंने इसके बारे में किसी को नहीं बताया था। उन्होंने कहा कि वह उस घटना का दर्द आज भी महसूस करती हैं। डेविस का यह बयान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की मुश्किलें बढ़ा सकता है।
दरअसल, ट्रम्प ने सुप्रीम कोर्ट के जज के लिए यौन उत्पीड़न के आरोपी ब्रेट कैवनॉग को नामित किया है। ब्रेट पर क्रिस्टीन ब्लेसी फोर्ड नाम की महिला ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। ब्लेसी का कहना है कि 1980 में एक पार्टी के दौरान कैवनॉग ने उनसे जबरदस्ती की थी। ट्रम्प इस मामले में कैवनॉग का बचाव कर रहे हैं। उन्होंने कैवनॉग पर लगे आरोपों का राजनीतिक फायदा उठाने के लिए विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी की भी आलोचना की है। उनका कहना है कि जज कैवनॉग के साथ ऐसा नहीं किया जाना चाहिए।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website