
लंदन। टेनिस जगत के ‘बिग फोर’ खिलाडि़यों में से एक गत चैंपियन एंडी मरे को पहली बार विम्बल्डन में शीर्ष वरीयता दी गई। वहीं सर्बियाई के नोवाक जोकोविच को दूसरी, स्विस स्टार रोजर फेडरर को तीसरी और स्पेनिश स्टार राफेल नडाल को चौथी वरीयता दी गई है।
विम्बल्डन में 2014 के बाद यह पहला मौका है जब किसी ग्रैंड स्लैम में चार खिलाड़ियों को शीर्ष वरीयता दी गई हो ताकि उनमें सेमीफाइनल से पहले आपस में टकराव न हो। साल के तीसरे ग्रैंड स्लैम के मुख्य मुकाबले सोमवार (तीन जुलाई) से शुरू होंगे, जिसके लिए बुधवार को ड्रॉ निकाले गए।
30 वर्षीय ब्रिटिश खिलाड़ी मरे खराब दौर से गुजर रहे। दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी को पिछले हफ्ते क्वीन टेनिस टूर्नामेंट के पहले ही दौर में ऑस्ट्रेलिया के जॉडर्न थॉमसन के हाथों सनसनीखेज हार का सामना करना पड़ा था। दो बार के विंबलडन चैंपियन जोकोविच और सात बार के विजेता फेडरर को आयोजकों ने उनकी विश्व रैंकिंग का लाभ दिया है।
जोकोविच विश्व रैंकिंग में चौथे और फेडरर पांचवें नंबर पर हैं। वहीं नडाल दूसरे नंबर पर हैं। टूर्नामेंट के आयोजकों ने दुनिया के तीसरे नंबर के स्विस खिलाड़ी स्टेन वावरिंका को पांचवीं, कनाडा के मिलोस राओनिक को छठी, क्रोएशिया के मारिन सिलिच को सातवीं, ऑस्ट्रिया के डोमिनक थिएम को आठवीं, जापान के केई निशिकोरी को नौवीं और जर्मनी के अलेक्जेंडर ज्वेरेव को दसवीं वरीयता दी है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website